स्पीकर के साथ बैठक के बाद किसानों का धरना खत्म
रिंग रोड से हलके में खुलेंगे तरक्की के नए द्वार-कल्याण
करनाल, 29 अप्रैल। क्षेत्र के किसानों के धरने के कारण करीब चार महीने से बंद रिंग रोड का निर्माण कार्य फिर से शुरू होने जा रहा है। ऐसा हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के प्रयासों से संभव हो पाया है। रिंग रोड के साथ सर्विस लेन के लिए एनएचएआई ने मंजूरी प्रदान कर दी है। आज किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्री कल्याण के साथ बैठक कर जहां उनका आभार जताया वहीं धरना खत्म करने की घोषणा भी की। अब सर्विस रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
स्थानीय चीनी मिल रेस्ट हाउस में जनसुनवाई कार्यक्रम से पहले संगठनों के प्रतिनिधियों की विधानसभा अध्यक्ष के साथ बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, नगर निगम आयुक्त डा. वैशाली शर्मा, चीनी मिल एमडी अदिति भी मौजूद रहीं। श्री कल्याण ने कहा कि चल रहे विकास कार्यों और बड़ी परियोजनाओं में कई तरह की दिक्कतें पेश आती हैं। कहीं पॉलिसी तो कहीं नियमों की बात आड़े आ जाती है। इनका हल निकालने में समय लगता है। अच्छी बात यह कि क्षेत्र के विकास संबंधी सभी कार्य सही दिशा में चल रहे हैं। रिंग रोड का निर्माण शुरू होने के बाद अनेक किसानों की समस्याएं उनके सामने आईं। प्रशासनिक व एनएच अधिकारियों से मिलकर अधिकांश का समाधान कराया जा चुका है। रिंग रोड बनने से आसपास की जमीन के भाव बढ़ेंगे जिसका सीधा फायदा किसानों को होगा।
अब शुरू होगी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रिंग रोड के साथ सर्विस लेन बनाने की मंजूरी नेशनल हाईवे अथॉरिटी से मिल चुकी है। अब सर्विस रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। सर्विस रोड को मोटरगाड़ी चलने लायक बनाया जाएगा ताकि रिंग रोड के साथ जिन किसानों की जमीन लगती है, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि विकास कार्य समाज के सभी वर्गों के लिए कराए जाते हैं। भावी पीढिय़ों को भी इनका फायदा होता है। भविष्य में भी किसानों हर सुझाव पर गौर किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का जताया आभार
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सहयोग से यह क्षेत्र प्रगति पथ पर है। पूर्व मुख्यमंत्री ने हलके को मेडिकल यूनिवर्सिटी, रिंग रोड, एनसीसी अकादमी, उद्यान विश्वविद्यालय, चीनी मिल जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स दिए जिनकी बदौलत हलके की तस्वीर बदल चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री के सम्मुख हलके की तरक्की के लिए जो भी मांग रखी गई उसे उन्होंने पूरा किया। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र का संकल्प केवल विकास तक सीमित नहीं है बल्कि क्षेत्र को खुशहाल बनाना है। इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
रिंग रोड जनहित से जुड़ा प्रोजेक्ट-डीसी
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़ा रिंग रोड एक बड़ा प्रोजेक्ट है। एनएचएआई अधिकारियों से मिलकर इसे समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके पूरा होने से क्षेत्र में प्रगति के नए द्वार खुलेंगे। लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस मौके पर भाकियू(रजि.) के प्रदेश अध्यक्ष के प्रदेश अध्यक्ष रतन सिंह मान ने सर्विस रोड संबंधी किसानों की मांग माने जाने पर स्पीकर व सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यूनियन हमेशा विकास की पक्षधर रही है। उसके लिए किसान हित सर्वाेपरि हैं। इस मौके पर यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन, प्रवक्ता सुरेंद्र सांगवान, वरिष्ठ भाकियू नेता बाबू राम डबरथला, प्रभारी महताब कादियान, विनोद राणा, चेयरमैन साहब सिंह बाजवा, बबलू सुहाना, सुखविंदर चीमा, बॉबी भटूरा, पाला कश्यप, सुरेंद्र तोमर, बहादुर सरपंच शेखपुरा, मेघराज सरपंच रसूलपुर, जगबीर पूर्व सरपंच, राजपाल शर्मा, रमन गांधी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
जन सुनवाई- बैठक के बाद श्री कल्याण ने जन सुनवाई कार्यक्रम के तहत करीब दो घंटे तक लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए। समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग सुबह नौ बजे ही चीनी मिल के विश्राम गृह में पहुंच गए थे। उन्होंने एक-एक सभी की सुनवाई की और कहा कि बड़ी जिम्मेदारी के बावजूद हलके के लोगों के लिए उनके द्वारा हर समय खुले हैं।
