चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस कमेटी ने नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखते हुए शहरों की सूरत और तकदीर बदलने का वादा किया है।

घोषणापत्र में भाजपा सरकार पर बीते 11 वर्षों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप भी लगाया गया है। कांग्रेस ने कहा कि इन 11 वर्षों में शहरी निकायों में भाजपा ने जो भ्रष्टाचार का साम्राज्य खड़ा किया है, उसे ध्वस्त कर कांग्रेस पार्टी के मेयर और अध्यक्ष पारदर्शिता लाएंगे।

चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, चुनाव घोषणा पत्र कमेटी की संयोजक गीता भुक्कल, विधायक आफताब अहमद और बीबी बत्रा समेत करीब एक दर्जन नेताओं ने कांग्रेस पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र जारी किया।
तीन पेज के इस चुनाव घोषणा पत्रार में 54 वादे किए गए हैं। राव नरेंद्र ने पंचकूला का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने अपने पुराने मेयर को इसलिए वहां चुनाव मैदान में नहीं उतारा, क्योंकि वह भ्रष्टाचार में संलिप्त है।

जनता से किए ये भी वादे

कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा कि नगर निकायों में सत्ता में आने पर शहरों को ‘ग्रीन सिटी, क्लीन सिटी’ बनाया जाएगा, जिससे प्रदूषण पर नियंत्रण के साथ स्वच्छता सुनिश्चित हो सकेगी। इसके तहत ग्रीन बेल्ट और पार्कों का सौंदर्यीकरण, चौक-चौराहों का विकास और सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की योजना शामिल है।

पार्टी ने नगर निगम और नगर परिषदों को “भ्रष्टाचार युक्त” से “भ्रष्टाचार मुक्त” बनाने का संकल्प लिया है। साथ ही शहरों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए मंडियों, बाजारों, पार्कों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई है।

नई सड़कों का होगा निर्माण

घोषणा पत्र में सफाई व्यवस्था को सुधारने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को दुरुस्त किया जाएगा, कचरा डंपिंग ग्राउंड की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा और रिहायशी क्षेत्रों से दूर गारबेज प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी। सफाई कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने और उनकी मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का भी वादा किया गया है।

जलभराव और सीवरेज की समस्या से निपटने के लिए पुराने नालों की सफाई और पक्कीकरण, पाइपलाइन सिस्टम के नवीनीकरण तथा हर कालोनी में पेयजल, सीवरेज और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है। इसके अलावा शहरों में जगह-जगह स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर कूलर और आरओ लगाने का भी वादा किया गया है।

सड़कों और गलियों के सुधार को लेकर कांग्रेस ने कहा है कि टूटी सड़कों की मरम्मत के साथ नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा और सभी कच्ची गलियों को चरणबद्ध तरीके से पक्का किया जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि यह घोषणापत्र स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पर आधारित है और सत्ता में आने पर तय समय सीमा में इन वादों को लागू किया जाएगा।

कांग्रेस ने यह भी किए जनता से वादे

  • – सार्वजनिक व महिला शौचालयों की संख्या बढ़ेगी
  • – बुजुर्गों के लिए विशेष हेल्थ कैंप और सुविधा केंद्र
  • – मल्टीलेवल पार्किंग, बंदरों के आंतक से छुटकारा, बेसहारा गोवंश को गोशालाओं में पहुंचाना
  • – नगर निगमों के द्वारा आपके द्वार कार्यक्रम
  • – प्रापर्टी एनडीसी तीन दिन के भीतर
  • – परिवार पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया सरल
  • – अनियमित कालोनियों को नियमित करने की सरल पालिसी
  • – स्ट्रीट वेडिंग जोन बनेंगे, हर वार्ड में वाई-फाई युक्त लाइब्रेरी
  • – हर वर्ड में शिशुगृह, नये गांवों के लिए कम्युनिटी सेंटर, बारात घर
  • – धोबी घाटों की व्यवस्था, दशहरा व छठ पूजा मैदान
  • – गांवों में सीसीटीवी कैमरे, सरकारी कार्यों के लिए सेवा केंद्र, बेहतर सामुदायिक केंद्र।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *