पानीपत। सेक्टर-25 स्थित मित्तल मेगा मॉल में शनिवार देर रात भूतल बाहरी तरफ पर स्थित कपड़ा और जूते के शोरूम में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगते ही मॉल के अंदर खरीदारी कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ जैसे हालात बन गए।
जिस समय आग लगी उस समय माल में लगभग 850 से अधिक लोग थे। हालांकि मॉल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से लोगों को तुरंत प्रवेश और निकास द्वारों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सिनेमा हॉल में काफी संख्या में थे लोग
मॉल के बाहर दुकान किए दुकान किशोर ने बताया कि आग पहले एक शोरूम में लगी और तेज हवा के कारण तेजी से फैलकर पास के दूसरे शोरूम तक पहुंच गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे धुआं पूरे भूतल में भर गया। उस समय माल में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, क्योंकि शाम के शो में सिनेमा हॉल में दो फिल्में चल रही थीं, जो रात 9 बजे शुरू हुई थीं।
आग की सूचना मिलते ही मॉल में अफरा-तफरी मच गई। सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शक भी तुरंत सीढ़ियों से नीचे उतरकर बाहर निकल आए। दूसरी मंजिल पर स्थित होटल में खाना खा रहे लोग भी बिना देर किए बाहर की ओर भागे। करीब 10 मिनट के भीतर पूरा माल खाली करा लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
