चंडीगढ़। हरियाणा में अब 40 से 99 प्रतिशत तक दिव्यांगता वाले व्यक्ति भी हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। इस फैसले से लगभग एक लाख 22 हजार दिव्यांगजन लाभान्वित होंगे।
इस संबंध में परिवहन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। हरियाणा रोडवेज की बसों में लगभग 40 श्रेणियों के यात्रियों को मुफ्त एवं रियायती यात्रा सुविधाएं दी जाती हैं।
वर्ष 2007 में 100 प्रतिशत दिव्यांगजनों को एक सहायक सहित मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान की गई थी, जिसे वर्ष 2010 में चंडीगढ़ और दिल्ली तक विस्तारित किया गया। प्रदेश के दिव्यांगजनों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी कि 100 प्रतिशत से कम दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को भी यह सुविधा दी जाए। इस मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है।
राज्य परिवहन अपने 24 डिपो और 13 उप-डिपो के माध्यम से लगभग 4108 बसों का संचालन करता है, जो प्रतिदिन करीब 11.38 लाख किलोमीटर की दूरी तय करते हुए लगभग 6.03 लाख यात्रियों को यात्रा सुविधा प्रदान करती हैं।
