करनाल, 24 अप्रैल। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में नीट यूजीसी परीक्षा के दृष्टिगत अधिकारियों व केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक नीलम सिंह के साथ आयोजित बैठक में प्रबंधों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त परीक्षा के दृष्टिगत राज्य सरकार की हिदायतों की पालना सुनिश्चित की जाए और परीक्षा को पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।

इससे पूर्व नीट यूजीसी परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वीसी के माध्यम से जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों व पुलिस आयुक्तों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और निर्देश दिए कि उक्त परीक्षा को प्रदेश में शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाया जाए, कहीं पर भी कोई गड़बड़ी न होने दें। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा देश की महत्वपूर्ण परीक्षाओं में से एक है जिसमें देश भर से विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेते हैं। केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार पर भरोसा जताते हुए सर्वाधिक परीक्षा केंद्र हरियाणा में स्थापित किए गए हैं और हजारों की संख्या में देश भर से विद्यार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। ऐसे में प्रदेश सरकार का दायित्व और बढ़ गया है, सभी जिलाधिकारी केंद्र सरकार के भरोसे को कायम रखें और परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न करवाएं। उन्होंने कहा कि कोई ऐसा घटनाक्रम न हो जिससे प्रदेश सरकार पर प्रश्नचिह्न लगे, कहीं कोताही न बरतें। परीक्षा केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय इत्यादि का समुचित प्रबंध किया जाए। इसके अलावा परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए भी गर्मी के सीजन को मध्यनजर रखते हुए उचित स्थान पर बैठाने व उनके लिए स्वच्छ पेयजल इत्यादि की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा परीक्षार्थियों के लिए स्थानीय स्तर पर परिवहन की व्यवस्था हो और आपातकाल स्थिति में डायल 112 गाड़ी का भी प्रयोग करके परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर पहुंचाना सुनिश्चित करें ताकि कोई भी बच्चा परीक्षा से वंचित न रहे।

उपायुक्त ने वीसी के बाद परीक्षा की नोडल अधिकारी व जिला के अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला में स्थापित सभी आठ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें और प्रबंधों का जायजा लें तथा आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा पेपरों को सरकार की हिदायतों के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की देखरेख में सुरक्षित स्थान पर रखें और परीक्षा केंद्रों तक परीक्षा पेपरों को लाने व ले जाने के समय पुलिसकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे संचालित अवस्था में हों। परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के प्रवेश व बायोमेट्रिक के समय वीडियोग्राफी करवाई जाए और दोपहर बाद 1.45 बजे के बाद जैमर का प्रयोग किया जाए ताकि बायोमेट्रिक में परीक्षार्थियों को किसी दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखें और अफवाह फैलाने वालों की सूचना प्रशासन को दें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा सके। परीक्षा केंद्रों पर एम्बुलेंस भी तैनात की जाए। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर सीईओ जिला परिषद अमित कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है और एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा इनकी सहायता करेंगे। नोडल अधिकारी परीक्षा के  दृष्टिगत कंट्रोल रूम भी स्थापित करवाएं।

बैठक में नीट परीक्षा की जिला समन्वयक ने बताया कि जिला में आठ परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं जिनमें करीब 2832 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों में सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। इस अवसर पर एसडीएम करनाल देवेंद्र शर्मा, सीटीएम मोनिका शर्मा, जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक नीलम सिंह मौजूद रहीं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *