आउटर बाईपास रोड का किया निरीक्षण, डबल शिफ्ट में काम करने के दिए निर्देश।
सूरज नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा, स्थायी समाधान करने के दिए निर्देश।
करनाल 22 अप्रैल, महापौर रेनू बाला गुप्ता एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बुधवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुगल माजरा स्थित रामा ग्रीन एनर्जीज़ बायो गैस प्लांट का दौरा कर गोबर व अन्य जैविक अपशिष्ट से कम्प्रैस्ड बायो गैस निर्माण की प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया। इस दौरान वार्ड 18 के पार्षद हरजीत सिंह, भाजपा पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता तथा इंजीनियरिंग विंग के सलाहकार महीपाल सिंह भी मौजूद रहे।
बायो गैस प्लांट का निरीक्षण, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय कार्य-
निरीक्षण के दौरान महापौर एवं निगमायुक्त ने प्लांट के विभिन्न सेक्शनों—मिशिंग सेक्शन, डाइजेस्टर, रिफाइनरी, ऑर्गेनिक मैन्योर यूनिट तथा कंट्रोल पैनल रूम का क्रमवार निरीक्षण किया और गैस उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया को विस्तार से समझा।
इस अवसर पर कंपनी के संचालक मनोज अरोड़ा एवं सुरेंद्र भूटानी ने बताया कि वर्तमान में प्लांट की क्षमता 6 टन प्रतिदिन है, जिसे बढ़ाकर 9 टन प्रतिदिन किया जा रहा है तथा आगामी दो माह में यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बायो गैस उत्पादन के लिए गोबर, पोल्ट्री वेस्ट, सब्जी मंडी का कचरा एवं पराली का उपयोग किया जाता है।
महापौर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गैस निर्माण के बाद निकलने वाली जैविक खाद व जल किसानों द्वारा कृषि में प्रयोग किया जाता है, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और फसल की पैदावार भी अच्छी होती है। उन्होंने इसे एक स्वस्थ परियोजना का नाम दिया।
आउटर बायपास रोड का निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश-
इसके उपरांत महापौर एवं निगमायुक्त ने आउटर बायपास रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित कनिष्ठï अभियंता प्रदीप कुमार एवं एजेंसी प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि एक साइड पर डीबीएम लेयर डालने का कार्य पूरा किया जा रहा है तथा अगले दिन से दूसरी साइड पर मिलिंग कार्य शुरू किया जाएगा।
इस पर निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को डबल शिफ्ट में किया जाए, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें तथा श्रमिकों की संख्या ओर बढ़ाई जाए। साथ ही कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने हेतु पर्ट चार्ट तैयार कर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
सूरज नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा-
इसके पश्चात उन्होंने वार्ड नंबर 5 के सूरज नगर क्षेत्र का दौरा कर जोहड़ से जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण किया। कार्यकारी अभियंता प्रदीप कल्याण को निर्देश दिए कि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में गलियों के निर्माण हेतु आवश्यक अनुमान तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरान वार्ड 5 के पार्षद सुभाष कंबोज भी मौजूद रहे।
