*नागरिक स्व-गणना प्रक्रिया में लें सक्रिय रूप से भाग,*
उपायुक्त ने स्वगणना पोर्टल पर स्वयं भी दी अपनी जानकारी
करनाल, 16 अप्रैल। 
 उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जनगणना 2027 के पहले चरण में नागरिक स्वयं भी अपनी जनगणना कर सकेंगे। आमजन 30 अप्रैल तक ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे।  स्व गणना के माध्यम से नागरिक अपनी जानकारी स्वयं प्रस्तुत कर सकते हैं। यह खासकर उन लोगों के लिए है जो किसी कार्यवश दिन भर अपने घरों से दूर रहते हैं।
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में जनगणना 2027 को लेकर प्रैस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं भी स्वगणना पोर्टल पर जाकर अपना विवरण भरा। उन्होंने कहा कि यह जनगणना दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का होगा, जिसे 1 से 30 मई 2026 तक कराया जाना प्रस्तावित है। इस चरण के अंतर्गत गांवों एवं शहरों के आवासीय, गैर-आवासीय तथा सह-आवासीय भवनों की गणना की जाएगी। इसी प्रकार दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना 9 से 28 फरवरी 2027 तक की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश एवं जनता के कल्याण के लिए नीतियों एवं योजनाएं बनाने के लिए अनिवार्य है। इसमें हर भवन हर व्यक्ति की गणना होना अनिवार्य है क्योंकि यही आंकड़े विकसित भारत के निर्माण के लिए आधार बनेंगे। इसी के आधार पर शिक्षा, आवास एवं घरेलू, सुविधाएं प्रदान करना एवं अनेक कल्याणकारी योजनाएं सम्मिलित है। जनगणना में दी गई जानकारी जनगणना अधिनियम 1948 के अंतर्गत पूर्ण रूप से गोपनीय है। नागरिकों की किसी भी योजना को बंद नहीं किया जाएगा और नागरिक निसंकोच होकर अपनी जानकारी प्रगणक को दें और देश के विकास का हिस्सा बनें।

यह रहेगी प्रक्रिया
उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया बहुत ही सामान्य है, जिसके लिए नागरिक गूगल पर सेल्फ एनुमरेशन टाईप करें और घर के मुखिया के नाम व मोबाइल से लॉग इन करें, जिससे एक ओटीपी प्राप्त होगा। इस के बाद भाषा का चयन करें। उन्होंने बताया कि यह पोर्टल अंग्रेजी और हिंदी के साथ 14 अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध है। इसके बाद नागरिक गूगल मैप पर अपने राज्य, जिला व पिन कोड को डालते हुए अपने घर को मैप पर  लोकेट करें। अपने घर की लोकेशन कन्फर्म करते ही पहले चरण  के सभी प्रश्न खुल जाएंगे। ये 27 प्रश्न मकान की स्थिति, घर में कुल लोगों की संख्या, घर के मुखिया की जानकारी, पेयजल का स्रोत, घर में रेडियो, टेलीविजन, कम्प्यूटर, लैपटॉप, मोटरसाइकल, कार का होना आदि के बारे में हैं। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय हैं  इनका जवाब देने के बाद जब सबमिट करने पर मैसेज या ईमेल के द्वारा एक स्वगणना आईडी की प्राप्ति होगी जोकि प्रगणक के घर आने पर, उसे देनी होगी। आईडी द्वारा सभी प्रश्नों का जवाब प्रगणक के पास आ जाऐंगे और इसके सत्यापन के बाद वह इसे सबमिट कर देगा। इससे  ।

उपायुक्त ने सभी सांसदों, विधायकों, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य, महापौर और नगर निगम के सदस्य, नगरपालिकाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष और ब्लॉक समिति और उनके सदस्य, सभी पंच व सरपंच, सभी सरकारी एवं प्राइवेट कर्मचारी एवं सभी युवाओं, सभी किसानों, छोटे-बड़े सभी व्यापारी गण एवं सभी आम आदमी से अपील की कि वे अपनी गणना 16 अप्रैल 2026 से स्वयं भी करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *