-स्व-गणना सुविधा आज से शुरू, जनगणना प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें आमजन
लाडवा, 16 अप्रैल।
 एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि आगामी जनगणना 2027 के पहले चरण में नागरिक स्वयं अपनी जनगणना कर सकेंगे। यह नई सुविधा 16 अप्रैल (वीरवार)से शुरू होगी और 30 अप्रैल तक चलेगी, जिसके तहत आमजन ऑनलाइन पोर्टल एससी डॉट सीईएसयूएस डॉट जीओवी डॉट इन के माध्यम से अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल घर-घर जाकर जनगणना शुरू होने से पहले लगभग 15 दिनों के लिए खुला रहेगा। इस दौरान नागरिक अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन कर निर्धारित 33 प्रश्नों के उत्तर भर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया 15 से 20 मिनट में पूरी हो जाती है।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि जानकारी सफलतापूर्वक जमा करने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की एक यूनिक स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी। जब जनगणना अधिकारी सत्यापन के लिए घर आएंगे, तो केवल यह आईडी साझा करनी होगी, जिससे पूरी प्रक्रिया तेज और सरल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा पहली बार लागू की जा रही है, जो पूरी तरह नागरिक हितैषी और तकनीक आधारित है, जिससे प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं प्रभावी बनाया जा सके। इस कार्य के लिए जन सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। पोर्टल अंग्रेजी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध रहेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि स्व-गणना अवधि समाप्त होने के बाद मकान सूचीकरण का कार्य पारंपरिक तरीके से शुरू होगा। इसके साथ ही जो लोग ऑनलाइन सुविधा का उपयोग नहीं कर पाएंगे, उनके लिए जनगणना कर्मी घर-घर जाकर साक्षात्कार के माध्यम से डेटा एकत्र करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी। जनगणना कर्मी मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा एकत्र करेंगे, जो सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपडेट होगा। एसडीएम ने उपमंडल के वासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें और इस ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि जनगणना प्रक्रिया को सरल, तेज और पारदर्शी बनाया जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *