-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला से किया था स्पेशल भारत गौरव ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना
-पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने सीनियर सिटीजन से प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में आवेदन करने की करी अपील
कुरुक्षेत्र, 29 मार्च। हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र सहित प्रदेशभर के श्रद्धालु चार दिन की यात्रा के लिए अयोध्या में पहुंच चुके हैं। इन श्रद्घालुओं को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत भगवान श्रीराम के दर्शन के निशुल्क यात्रा कराई जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंबाला से अयोध्या के लिए तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके साथ ही अप्रैल माह के आखिरी सप्ताह में श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा ( नांदेड़ , महाराष्ट्र) के लिए तीर्थ यात्रियों की विशेष ट्रेन भेजने की घोषणा भी की है। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वो नांदेड़ महाराष्ट्र यात्रा के प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना में अधिक से अधिक आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि आज श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की इस पावन धरा से भगवान श्री राम की जन्मभूमि, अयोध्या धाम के लिए इस विशेष तीर्थ ट्रेन से पहुंच चुके हैं, तो उनको बड़े गर्व और गौरव का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में बना भगवान श्रीराम का दिव्य, भव्य एवं नव्य मंदिर भारत का गौरव है। हम सबके पुण्य कर्मों का ही फल है कि हम अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बने हैं और अब उनके दर्शन के लिए जाने का सौभाग्य मिला है।
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि अयोध्या की यह यात्रा केवल एक भौतिक सफर नहीं है, यह एक आध्यात्मिक परिवर्तन की यात्रा है। जब आप सरयू नदी के तट पर खड़े होंगे, जब आप हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे और जब आप उस भव्य राम मंदिर की दहलीज को छुएंगे, तो आपको उस ऊर्जा का अनुभव होगा जिसने भारत को विश्व गुरु बनाया था। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए ट्रेन में खानपान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ट्रेन में विशेष प्रबंधों के चलते हमारे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालु, धन के अभाव में तीर्थ यात्रा से वंचित न रहें। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि अयोध्या जैसे तीर्थ भारतीय संस्कृति के जीवन की ऊर्जा के स्रोत हैं। इन तीर्थ यात्रियों की 31 मार्च को वापसी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *