गाँवों का सर्वांगीण विकास और अंतिम व्यक्ति तक पहुँच ही हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य: योगेन्द्र राणा
करनाल/असंध,28 मार्च। असंध के विधायक योगेन्द्र राणा ने शनिवार को क्षेत्र के विभिन्न गाँवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 4 करोड़ 39 लाख 59 हजार रुपये की कुल से लागत के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास कर उन्हें ग्रामवासियों को समर्पित किया। कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का बुक्के, फूल-मालाओं और पगड़ी पहना कर भव्य स्वागत किया।
 विधायक ने गांव बाहरी के दो तालाबों के लगभग 3.08 करोड़ रुपये की लागत से हुए तालाब के सौंदर्यीकरण का उद्घाटन किया। साथ ही, लगभग 7.47 लाख रुपये की लागत से खेतों की ओर जाने वाले रास्ते का लोकार्पण किया।
गांव गंगा टेहड़ी में शिक्षा को बढ़ावा देते हुए विधायक ने लगभग 37 लाख रुपये की लागत से बने विलेज नॉलेज सेंटर, लगभग ₹5 लाख की लागत से चिल्ड्रन पार्क और लगभग ₹5 लाख की लागत से निर्मित बस क्यू शेल्टर का उद्घाटन किया।
गांव जोली खेड़ा में उन्होंने लगभग ₹16 लाख की लागत से रितोली सड़क से सुभाष टीलू के डेरे तक नवनिर्मित पक्के रास्ते का उद्घाटन कर ग्रामीणों को समर्पित किया।
इसके बाद गांव पोपड़ा में लगभग ₹36.65 लाख की लागत से बनने वाली ‘फिरनी’ और गुरु ब्रह्मानंद आश्रम में लगभग ₹5.36 लाख की लागत से बनने वाले लंगर हॉल के निर्माण कार्य का शुभारंभ (शिलान्यास) किया।
इस अवसर पर जनसभाओं को संबोधित करते हुए विधायक योगेन्द्र राणा ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही असंध विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति निरंतर बनी हुई है। उन्होंने कहा की केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है और हमारा उद्देश्य हर गांव को शहर जैसी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना है। चाहे वो पक्की सड़कें हों, शिक्षा के केंद्र हों या जल संरक्षण के लिए तालाबों का जीर्णोद्धार, विकास की यह गति रुकने वाली नहीं है।
इस अवसर पर सरपंच कुलदीप कुमार (गंगा टेहड़ी), सरपंच प्रति निधि प्रदीप कुमार (जोली खेड़ा), सरपंच राहुल (पोपड़ा) एवं सरपंच पाला राम (बाहरी) की पंचायत सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *