वर्ल्ड ओपन मास्टर्स गेम्स 2026 में दो कांस्य पदक जीतकर देश का नाम किया रोशन
करनाल 21 मार्च।  करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने सेक्टर-13 स्थित अपने कैंप कार्यालय में विश्व स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करने वाले मास्टर एथलीट राजेश खन्ना का मुह मीठा करवाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि राजेश खन्ना ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल करनाल बल्कि पूरे देश का नाम गौरवान्वित किया है।
बता दें कि अबूधाबी (यूएई) में आयोजित वर्ल्ड ओपन मास्टर्स गेम्स 2026 में 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भाग लेते हुए राजेश खन्ना ने 4×400 मीटर रिले दौड़ तथा लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 92 देशों के 25 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी वाले इस वैश्विक खेल आयोजन में पदक जीतना अत्यंत गर्व की बात है।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल के इस होनहार खिलाड़ी की सफलता उनके अनुशासन, समर्पण और कठोर परिश्रम का परिणाम है। भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त होकर भी खेलों के प्रति उनका जुनून युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वर्तमान में एल्डिको, पानीपत में मैनेजर के रूप में कार्यरत रहते हुए भी राजेश ने अपने खेल कौशल को निरंतर बनाए रखा, जो सराहनीय है। ऐसे खिलाड़ियों की उपलब्धियां समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और युवाओं को खेलों की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करती हैं। विधायक ने राजेश खन्ना को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी राजेश खन्ना की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और करनाल का नाम रोशन करने के लिए आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *