“एक्टिव मैटर व सॉफ्ट मैटर फिजिक्स में अग्रणी शोध से भौतिक विज्ञान को नई दिशा देने के लिए

कुरुक्षेत्र, 21 मार्च। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा 3 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित गोयल पुरस्कार समारोह में प्रख्यात भौतिक वैज्ञानिक प्रो. श्रीराम रामास्वामी को एक्टिव मैटर व सॉफ्ट मैटर फिजिक्स में अग्रणी शोध से भौतिक विज्ञान को नई दिशा देने के लिए उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि वर्ष 1992 से विश्वविद्यालय देश के उत्कृष्ट वैज्ञानिकों को यह सम्मान प्रदान करता आ रहा है। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को 2 लाख रुपये की नकद राशि, स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। 3 अप्रैल को विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में आयोजित इस भव्य समारोह में देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
आयोजन समिति के सह-अध्यक्ष प्रो. एस.पी. सिंह ने बताया कि प्रो. श्रीराम रामास्वामी का जन्म 10 नवंबर 1957 को लखनऊ में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा मॉडर्न स्कूल, नई दिल्ली से पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड से भौतिकी में बीएस (ऑनर्स) तथा यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो से पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की। पोस्ट-डॉक्टोरल शोध के उपरांत उन्होंने भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरु में अपने शैक्षणिक करियर की शुरुआत की, जहां वे सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, प्रोफेसर तथा वर्तमान में मानद प्रोफेसर एवं नेशनल साइंस चेयर के रूप में कार्यरत हैं।

पुरस्कार समिति की संयोजक प्रो. अनीता भटनागर ने बताया कि प्रो. रामास्वामी का शोध कार्य सॉफ्ट मैटर, नॉन-इक्विलिब्रियम तथा बायोलॉजिकल फिजिक्स जैसे क्षेत्रों में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने “एक्टिव मैटर” जैसे उभरते क्षेत्र की नींव रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जो ऐसे पदार्थों का अध्ययन करता है जिनके घटक स्वयं ऊर्जा का उपयोग कर कार्य करते हैं, जैसे जीवित कोशिकाएं। उन्होंने अब तक 140 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं, जिन्हें 22,000 से अधिक बार उद्धृत किया जा चुका है। उनके मार्गदर्शन में 29 शोधार्थियों ने पीएच.डी. पूरी की है। वे अनेक अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक पत्रिकाओं के संपादकीय मंडलों और सलाहकार समितियों से भी जुड़े रहे हैं।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि प्रो. रामास्वामी को उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार, जी.डी. बिड़ला पुरस्कार, इन्फोसिस पुरस्कार, जी.एन. रामचंद्रन अवॉर्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वे इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी, इंडियन एकेडमी ऑफ साइंसेज तथा अमेरिकन फिजिकल सोसायटी के फेलो हैं। वर्ष 2016 में उन्हें रॉयल सोसायटी, लंदन का फेलो चुना गया तथा 2025 में उन्हें यूएस नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज की सदस्यता प्राप्त हुई। यह सम्मान उनके भौतिकी के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट और अभिनव योगदान का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *