मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को नहीं आने दी जाएगी कोई परेशानी
पिहोवा, 19 फरवरी। 
      उपमंडल अधिकारी नागरिक अनिल कुमार दून ने कहा कि पिहोवा के सरस्वती तीर्थ पर लगने वाले चैत्र चौदस मेले में दूर दराज से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर एक नया रिकॉर्ड कायम करेंगे। इस वर्ष 17 मार्च से 19 मार्च 2026 तक चैत्र चौदस मेले का आयोजन किया जाएगा, इस मेले से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं तथा मेला क्षेत्र को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। सरस्वती तीर्थ पर सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। इस विषय में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
एसडीएम अनिल कुमार दून वीरवार को अपने कार्यालय कॉन्फ्रेंस हॉल में चेत्र चौदस मेले से संबंधित तैयारियों के बारे में  बैठक संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि समय रहते चैत्र चौदस मेले से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर लें ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या न आए। सभी अधिकारियों के मोबाइल नंबर एक्टिव रहें ताकि आपसी तालमेल में कोई परेशानी न आए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मेला क्षेत्र में सफाई, बिजली, पीने के स्वच्छ पानी तथा टैंटेज की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि मेले से संबंधित सभी मुख्य द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं तथा सुरक्षा की दृष्टि से हर नाके पर पुलिस विभाग के कर्मचारी के साथ अन्य विभागों के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी है जोकि शिफ्ट अनुसार डयुटी देंगे। इस तीन दिवसीय मेले में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व स्थानीय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी। मेले मेंं इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस मेले में श्रद्धालु हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित अन्य प्रदेशों से भी आएंगे। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला क्षेत्र में पीने के पानी के टैंकरों तथा अस्थाई शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। सरस्वती तीर्थ की साफ-सफाई उपरांत उसमें साफ पानी भरा जाएगा। बिजली विभाग द्वारा मेले के दौरान बिजली की संचार व्यवस्था करवाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएं, जिससे मेला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई बाधा ना आए। सिविल सर्जन मेला क्षेत्र में शिविर लगाकर मेला क्षेत्र में आने वाले लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरा करेंगे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चैत्र चौदस मेले में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। जिस भी अधिकारी व कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएं वे वहां निरीक्षण करें तथा तैयारियों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। मेले में जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की तरफ से सूचना केंद्र की स्थापना बाल भवन में की जाएगी,जहां पर कर्मचारी मेले से सम्बधित सूचनाएं आम जनता को देंगे।
इस मौके पर नगर पालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, डीएसपी निर्मल सिंह, तहसीलदार पूनम सोलंकी, नगर पालिका सचिव अशोक कुमार, सिटी एसएचओ नरेश सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी राम राज, उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ मनीष वत्स, पशुपालन विभाग डॉ सुरजीत सिंह, पीडब्ल्यूडी अमित गुप्ता, बीडीपीओ विवेक कुमार, स्वास्थ्य विभाग अधिकारी मनीषा सिंह, गुरप्रीत सिंह,सिंचाई विभाग अधिकारी विनोद कंम्बोज, सरस्वती हेरिटेज बोर्ड विनोद कुमार, केडीबी कुरुक्षेत्र राजेश कुमार, सुरेंद्र ढींगरा, तीर्थ सेवा दल गोपाल कौशिक, श्री कृष्ण कृपा मंच प्रदान जगदीश तनेजा, फोरेस्टर दरोगा धर्म सिंह सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *