एडीसी योगेश कुमार मेहता की अध्यक्षता में एचपीवी टीकाकरण से संबंधित बैठक आयोजित, अधिकारियों को व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश
करनाल, 14 जनवरी।
अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार मेहता ने कहा कि जिला में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। नौ से 14 वर्ष तक की बच्चियों के माता-पिता को टीके के महत्व के बारे में शिक्षित किया जाए, ताकि सरकार द्वारा जल्द शुरू होने वाले इस टीकाकरण अभियान का लाभ अधिक से अधिक बच्चियों को मिल सके।
अतिरिक्त उपायुक्त योगेश कुमार बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में एचपीवी टीकाकरण की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों में विशेष जागरूकता शिविर लगाए जाएं। सभी सरकारी व निजी स्कूलों में पीटीएम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, एनजीओ, रेडक्रॉस सोसायटी, रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद द्वारा अभिभावकों को इस वैक्सीन के फायदों के बारे में विस्तार से बताया जाए।
बैठक में उन्होंने डीडीपीओ को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंचों और पंचों के माध्यम से जागरूकता लाएं। जब टीकाकरण शुरू हो, तो गांवों में मुनादी करवाई जाए ताकि कोई भी पात्र बच्ची छूट न जाए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जमीनी स्तर पर महिलाओं को जागरूक किया जाए। एडीसी ने रेडक्रॉस सोसाइटी और गैर-सरकारी संगठनों से भी इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ पूनम चौधरी, उप सिविल सर्जन डॉ शीनू चौधरी, रेडक्रॉस सचिव कुलबीर मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व रोटरी क्लब, भारत विकास परिषद तथा विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *