– जिले में 3350 उपभोक्ताओं ने उठाया पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ

अंबाला 19, दिसम्बर-  उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने और आमजन को बिजली बिलों के बोझ से राहत दिलाने की दिशा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिलेवासियों के लिए वरदान साबित हो रही है। अंबाला में इस योजना को लेकर आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की संयुक्त पहल से यह योजना इतनी किफायती बन गई है कि पात्र परिवारों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना बहुत ही कम खर्च लगभग मुफ्त जैसा हो गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में 3350 उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ उठाते हुए सोलर पैनल स्थापित करवाया हैं। भारत सरकार द्वारा अलग-अलग क्षमता के सोलर सिस्टम के लिए करीब 24 करोड़ रुपये की सब्सिडी सीधे इन लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। वहीं हरियाणा सरकार द्वारा भी योजना के सफल क्रियान्वयन में मह्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा जिले के 130 उपभोक्ताओं को लगभग 0.59  करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जा चुकी है, जबकि शेष पात्र लाभार्थियों को भी इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता प्रारंभिक निवेश करने में सक्षम नहीं है, तो सरकार ने उनके लिए भी विकल्प उपलब्ध कराए हैं। सरकारी बैंकों के माध्यम से न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण सुविधा प्रदान की जा रही है। दो किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम प्रतिदिन लगभग 8 से 10 यूनिट बिजली उत्पादन करता है, जो मासिक रूप से लगभग 300 यूनिट तक होती है। यह एक मध्यमवर्गीय परिवार की जरूरतों के लिए पर्याप्त है, जिससे बिजली बिल लगभग शून्य हो जाता है।

आईए समझे सब्सिडी का गणित,  किसे कितना लाभ
बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता (एसई) विनोद कुमार गोयल ने बताया कि सरकार द्वारा आय वर्ग के अनुसार सब्सिडी को विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को अधिकतम लाभ मिल सके। अंत्योदय परिवार, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है तथा सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें दो किलोवाट सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये व हरियाणा द्वारा 50 हजार रुपये कुल 1.10 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ जिन परिवारों की वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है और वार्षिक बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें दो किलोवाट सोलर सिस्टम पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये तथा प्रदेश सरकार से 20 हजार रुपये, जिसमें कुल 80 हजार रुपये का अनुदान मिलता है।
ऐसे ही जिन घरेलू उपभोक्ताओं की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक है, उन्हें केंद्र सरकार द्वारा एक किलोवाट पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये, अगले 1 किलोवाट यानि 2 से 3 किलोवाट तक सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने पर 18 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। इस तरह अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

बॉक्स: सोलर लगवाने से इन्हें मिला बिजली के बिल से छुटकारा, योजना की करी सराहना
कार्यकारी अभियंता अंबाला शहर बिजली विभाग हरीश गोयल ने बताया कि गाव पतरेहडी से संदीप कुमार द्वारा अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित करवाने से बिजली का बिल जीरो हो गया है। जिससे वह बेहद खुश है और उन्होंने ऐसी जनहितकारी योजना के क्रियान्वयन पर सरकार का आभार व्यक्त किया। ऐसे ही गांव शहजादपुर से कुलवंत कौर और विक्रम ने सोलन सिस्टम लगवाने पर बिजली बिल जीरो हो गया है, जिससे उन्हें इस योजना की सराहना की। उन्होंने बताया कि सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाने से लोगों को बिजली बिल से छुटकारा व आर्थिक रूप से लाभ मिल रहा है।
कैसे करें आवेदन
इच्छुक उपभोक्ता घर बैठे आधिकारिक पोर्टल    https://pmsuryaghar.gov.in     पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की परेशानी होने पर उपभोक्ता अपने नजदीकी उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता हैं।

पर्यावरण और जेब दोनों के लिए लाभकारी योजना-   उपायुक्त
उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा के उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र लाभार्थियों को समय पर सब्सिडी का लाभ मिले। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस हरित क्रांति का हिस्सा बनें और अपने घरों पर सोलर सिस्टम स्थापित कराएं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *