पं. चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में स्वरोजगार एवं करियर निर्माण विषय पर व्याख्यान का आयोजन

करनाल,10 सितम्बर।  पं. चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए स्वरोजगार एवं करियर निर्माण विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह व्याख्यान इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल द्वारा प्रस्तुत किया गया।
डॉ. धर्म पाल ने अपने व्याख्यान में कहा कि आज की पीढ़ी को अपने करियर में हमेशा प्लान बी तैयार रखना चाहिए। नौकरी ही एकमात्र रास्ता नहीं है, स्वरोजगार अपनाकर युवा अपनी प्रतिभा और कौशल का पूरा उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कौशल विकास, आत्मविश्लेषण और  आत्ममंथन की महत्ता समझाई। विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए उन्होंने अनेक उदाहरण दिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने करियर और भविष्य के लिए केवल परिवार, समाज या सरकार पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। आत्मनिर्भरता ही वास्तविक प्रगति का मार्ग है। उन्होंने छात्रों से “विकसित भारत /2047” के विजन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। व्याख्यान के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों को भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया कि कैसे एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले व्यक्ति ने अपनी मेहनत, लगन और ज्ञान से पूरी दुनिया में मिसाइल मैन ऑफ इण्डिया के रूप में पहचान बनाई, यह युवाओं के लिए महान आदर्श है।

कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रेखा त्यागी ने डॉ. धर्मपाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे व्याख्यान विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और नवाचारी बनने की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं।
उप-प्राचार्य डॉ. जरनैल सिंह ने भी विद्यार्थियों को उद्यमिता और करियर निर्माण के लिए प्रेरित करने वाले इस व्याख्यान की सराहना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. नवीन बत्रा ने किया जबकि डॉ. नीलम शर्मा ने कॉलेज और आयोजकों की ओर से धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. गुरचरण, डॉ. सुरेश तुरका और डॉ. कमल कुमार सहित संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *