21 जून को होगा अनाज मंडी में होगा मुख्य आयोजन
करनाल, 16 जून।
 नगराधीश मोनिका ने आगामी 21 जून को 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर स्थानीय नगराधीश कार्यालय में बैठक ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगराधीश ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 21 जून को अनाज मंडी में होगा। इससे पहले 20 जून को योग-मैराथन और पायलट रिहर्सल आयोजित की जायेगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मैट, पानी, बिजली, अल्पाहार आदि की समुचित व्यवस्था करने और एक-दूसरे के साथ तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिये।
उन्होंने बताया कि 21 जून को मुख्य कार्यक्रम सुबह 7 से 8 बजे के बीच आयोजित किया जायेगा। इसमें स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के अलावा योग संस्थाओं से जुड़े सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी व जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एंबुलेंस आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यक्रम में बैठने की व्यवस्था योजनाबद्ध तरीके से करें और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी के लिए अस्थाई शौचालय की व्यवस्था के साथ-साथ वीआईपी के लिये अलग से शौचालयों का इंतजाम होना चाहिये। नगराधीश ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को कहा कि कार्यक्रम में पीने के पानी की कोई कमी नहीं होनी चाहिये।
उन्होंने कहा कि 20 जून को पायलट रिहर्सल अनाज मंडी में सुबह 7 से 8 और योग मैराथन का सुबह 6 बजे एनडीआरआई चौक आयोजन किया जाएगा जोकि गीता द्वार से होते हुए एनडीआरआई चौक पर वापिस पहुंचेगी। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारी को कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए डीआईपीआरओ को निर्देश दिए की कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए तथा डीआईपीआरओ को यह भी कहा कि सांउड सिस्टम भी कार्यक्रम में लगवाना सुनिश्चित करेंगें।
बैठक में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सतपाल ने बताया कि 20 जून को पायलट रिहर्सल व योग मैराथन का आयोजन होगा और 21 जून को प्रात: 7 बजे से 8 बजे तक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजन होगा। इसी दिन प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक योग पर सेमिनार एवं वर्कशाप का आयोजन होगा। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश कुमारी, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह, उप सिविल सर्जन डॉ. अन्नु, सीडीपीओ राजबाला मोर, मार्केट कमेटी की सचिव आशा, खेल विभाग तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *