मामला रेलवे कैटरिंग ठेकेदार द्वारा वेंडर को न्यूनतम मजदूरी व अन्य लाभ नहीं देने का
सेना के रिटायर्ड कर्नल से धोखाधड़ी मामले में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए
ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज ने आज अपने आवास पर लोगों की समस्याओं को सुना व अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए

अम्बाला/चंडीगढ़, 05 जून
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने गुरुवार अपने आवास पर अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के दिशा-निर्देश दिए।
श्रम मंत्री अनिल विज के समक्ष अम्बाला छावनी रेलवे स्टेशन पर कैटरिंग ठेकेदारों पास कार्यरत वैंडर ने मंत्री अनिल विज को एक ठेकेदार के खिलाफ शिकायत देते हुए बताया कि उसका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उसने कहा कि ठेकेदार द्वारा उसे न्यूनतम मजदूरी दर का भुगतान नहीं किया जा रहा इसके अलावा अन्य लाभ ईएसआई, ईपीएफ आदि भी उसे नहीं दिए जा रहे हैं। वैंडरों का आरोप था कि पूर्व में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है जिसपर श्रम मंत्री अनिल विज ने इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद लेबर इंस्पेक्टर को फटकार लगाई। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि “श्रम अधिकारी श्रमिकों की समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए, उन्होंने कहा इस मामले में ठेकेदार के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।”
जनसुनवाई के दौरान सेना से एक रिटायर्ड कर्नल ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उसने डिफेंस कालोनी में प्लाट लिया था मगर डीलर अब उसकी रजिस्ट्री नहीं करा रहा है। इस मामले में उन्होंने पंजोखरा थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार एयरफोर्स में कार्यरत एक जूनियर वारंट आफिसर ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उसका प्लाट बोह में है। मगर पास स्थित एक डेयरी संचालक उसके प्लाट के समक्ष गोबर फेंक रहा है जिससे सारा दिन क्षेत्र में बदबू रहती है। इस मामले में मंत्री विज ने नप अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्लाट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए
डिफेंस कालोनी निवासी महिला ने मंत्री अनिल विज को शिकायत देते हुए बताया कि उन्होंने अपना प्लाट एक डीलर को बेचा था और लगभग साढ़े छह लाख रुपए में सौदा तय हुआ था, मगर डीलर ने उन्हें साढ़े चार लाख रुपए ही दिए जबकि शेष दो लाख रुपए की राशि अब तक नहीं दी गई है। इसपर मंत्री अनिल विज ने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी तरह टुंडला निवासी लोगों ने क्षेत्र में बनी रोड पर स्पीड ब्रेकर हटाने की मांग की जिस पर मंत्री अनिल विज ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
बीसी बाजार निवासी महिला ने शिकायत देते हुए बताया कि उसके खिलाफ एक महिला ने झूठी शिकायत पुलिस में देकर उसे प्रताड़ित किया जबकि इस मामले में पुलिस की भूमिका पर उसने सवाल उठाए। मंत्री अनिल विज ने एसपी को इस मामले में जांच के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अन्य कई शिकायतें भी आई जिस पर मंत्री अनिल विज ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *