शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में कोताही बरतने पर होगी सीधी कार्रवाई:नेहा सिंह
नगर परिषद ने युद्ध स्तर पर शुरू किया नालों को स्वच्छ बनाने का कार्य, सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने ड्रेनों की सफाई पर रखा फोकस, एसटीपी के साथ-साथ सीवरेज व्यवस्था को किया चैक
कुरुक्षेत्र 5 जून। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चल रहा है। इस विशेष स्वच्छता अभियान के तहत अगर किसी अधिकारी, कर्मचारी ने कोताही बरती तो सीधी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए हर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी को शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेना होगा और अपनी नैतिक डयूटी समझ कर अभियान को सफल बनाना होगा।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बातचीत करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर और मेला क्षेत्र में 21 जून को  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योग का महाकुंभ लगने जा रहा है। इस महाकुंभ में 1 लाख लोग व योग साधक पहुंचेंगे। इसलिए इस महाकुंभ को जहन में रखते हुए थानेसर शहर की स्वच्छता पर विशेष फोकस रखकर कार्य करने की जरूरत है। इस शहर को स्वच्छ बनाने के लिए जहां अधिकारियों, कर्मचारियों को दिन रात मेहनत करनी होगी, वहीं शहर के नागरिकों को भी अपनी मानसिकता में बदलाव लाना होगा।
उपायुक्त ने कहा कि महा अभियान को स्वच्छता का जन आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा और स्वच्छता की कमान को संभालना होगा। इस महा अभियान में नगर परिषद थानेसर, जनस्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग का अहम रोल रहने वाला है। इसलिए इन विभागों के अधिकारी और कर्मचारी 21 जून तक निरंतर स्वच्छता पर फोकस रखकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का काम करे।
नगर परिषद ने युद्घ स्तर पर शुरू किया नालों को स्वच्छ बनाने का कार्य
जिला नगर आयुक्त सतेन्द्र सिवाच ने कहा कि नगर परिषद थानेसर की तरफ से नाले नालियों की सफाई का कार्य युद्घ स्तर पर किया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों ने पिछले 2 दिनों में पंंजाबी धर्मशाल, ब्रह्मा कालोनी, कृष्णा नगर,अमीन रोड,शास्त्री नगर, ब्रह्मसरोवर के आस-पास के क्षेत्र की नाले नालियों का सफाई करने का कार्य किया है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने ड्रेनों की सफाई पर रखा फोकस
सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता मुनीष बब्बर ने कहा कि उपायुक्त नेहा सिंह के आदेशानुसार सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने ड्र्रेनों और रजवाहों की सफाई का कार्य शुरू किया है। इतना ही नहीं सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर पंचकूला ने भी स्वयं ज्योतिसर, झांसा और जलबेहडा की ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग का प्रयास है कि सभी ड्रेनों, नहरों की सफाई का कार्य निर्धारित समय अवधि के अंदर पूरा किया जाए ताकि बारिशों के दिनों में किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना आए। इस सीजन में सिंचाई विभाग की तरफ से सितंबर माह तक स्वच्छता पर विशेष फोकस रखा जाएगा।
एसटीपी के साथ-साथ सीवरेज व्यवस्था को किया चैक
उपायुक्त नेहा सिंह के आदेशानुसार जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता सुमित गर्ग ने सीवरेज व्यवस्था का जायजा लिया और नरकतारी में एसटीपी को भी चैक किया। इन बारिशों के सीजन में सीवरेज व्यवस्था में दिक्कत ना आए और ड्रेनेज सिस्टम भी दुरूस्त रहे। इसके ऊपर भी जनस्वास्थ्य विभाग पूरा फोकस रखकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से विशेष स्वच्छता अभियान के तहत सीवरेज, नाले, नालियों की सफाई भी की जा रही है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *