प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन ने वीरवार को विभिन्न स्कूल को प्राचार्यों व शिक्षकों के साथ अपनी जायज मांगों को पूरा करवाने के लिए भिवानी के जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय का घेराव किया।
इस मौके पर प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी के आगे अवैध रूप से चल रही एकेडमी व प्ले स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का कहा। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन पिछले तीन साल से इस कार्य में लगी हुई है और डॉयरेकटर, जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पिछले तीन सालों में दस बार इन अवैध स्कूलों को बंद कराने के आदेश निकाले गए है, मगर इस पर कोई भी उचित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने अधिकारियों पर औपचारिकता पूरी करने का इल्जाम लगाया कि कार्यवाही के नाम पर केवल लीपापोती की जा रही है। विभाग के अधिकारी दो बजे के बाद इंस्पेक्शन पर जाते है, जबकि बच्चों की पहले ही छुट्टी हो चुकी होती है। ऐसे में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को आगाह किया कि अगर यह अवैध रूप से चले रहे ये स्कूल बंद नहीं किए गए तो मान्यता प्राप्त स्कूल भी विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना नहीं करेंगे और किसी प्रकार का समर्थन विभाग को नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि मान्यता प्राप्त स्कूल अपने सभी एनओसी पूरे करते हैं व विभाग उन्हीं के पास जाकर सारे कानून मनवाना चाहता है वहीं अवैध रूप से चले रहे प्ले स्कूल जो किसी भी तरह का सुरक्षा का मापदंड पूरा नहीं करते हैं ना ही किसी प्रकार की मान्यता लेते हैं उन स्कूलों के खिलाफ विभाग द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही। राम अवतार शर्मा ने कहा कि प्रशासन की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर समाधान नहीं किया जाएगा तो बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा। चाहे स्कूल बंद करने पड़े तो भी वे पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग पर आरोप लगाया कि जब विभाग की टीम छापेमारी करने के लिए बिना मान्यता प्राप्त अकादमी व प्ले स्कूलों में जाती है तो इसकी सूचना पहले से ही उनको दे दी जाती है।
इस मौके पर भिवानी के जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज ने कहा कि जिले में करीब 400 एकेडमी व गैर मान्यता प्राप्त स्कूल है, जिन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने प्राइवेट स्कूलों द्वारा दी गई शिकायत ले ली है व अवैध रूप से चल रहे प्ले स्कूल व एकेडमी के खिलाफ छापेमारी भी की है। पर जिस तरह से प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन प्रशासन से संतुष्ट नहीं है तो प्रशासन द्वारा छापेमारी की कार्रवाई में और अधिक तेजी लाई जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *