विधायक रामकुमार कश्यप ने इन्द्री में किया ड्रग फ्री हरियाणा साइक्लोथॉन यात्रा का भव्य स्वागत
इन्द्री / करनाल, 18 अप्रैल।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आह्वान पर हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ प्रदेश भर में चल रही साइक्लोथॉन यात्रा 2.0 ‘हम सबका सांझा सपना नशा मुक्त हो हरियाणा अपना’ टैगलाइन के साथ शुक्रवार को इन्द्री पहुंची। विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने साइक्लोथॉन यात्रा में शामिल लोगों का फूल-मालाएं पहनाकर एवं उन्हें बुके देकर गर्मजोशी के साथ साइक्लोथॉन यात्रा का स्वागत किया। नशा मुक्ति का संदेश लेकर आ रही इस ऐतिहासिक यात्रा के स्वागत को लेकर हलके के लोगों में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। एसडीएम अशोक कुमार मुंजाल ने साइक्लोथॉन यात्रा में आए मेहमानों एवं हलके के लोगों का स्वागत एवं धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अन्त में विधायक ने स्वयं साइकिल चलाकर सिंचाई विभाग के विश्राम गृह से साइक्लोथॉन यात्रा को रवाना किया।
नशा मुक्त हरियाणा बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही साइक्लोथॉन यात्रा
विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने साइक्लोथॉन यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 5 अप्रैल को हिसार से साइक्लोथॉन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए रवाना किया था और यह यात्रा सिरसा के डबवाली शहर में 27 अप्रैल को समाप्त होगी। साइक्लोथॉन यात्रा का उद्देश्य हमारी आने वाली पीढ़ियों को नशे से बचाना है। उन्होंने बताया कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराई से बचाने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वप्रथम करनाल से साइक्लोथॉन यात्रा का आयोजन किया था और अब प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नशे जैसी बुराइयों से मुक्ति के बारे जानकारी मिलती है, इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए हम सभी की भागीदारी बहुत आवश्यक है।
नशे के दुष्प्रभावों से बच्चों को जागरूक करना आवश्यक: रामकुमार कश्यप
विधायक एवं चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि हमें देश की उन्नति के लिए युवा पीढ़ी को नशे से बचाना होगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ज्यादा नशे की दलदल में फंस गया हैं तो ऐसे व्यक्ति को हम मिलकर पुनर्वास या चिकित्सीय सलाह द्वारा भी नशा छोडऩे के लिये प्रेरित कर सकते हैं। हमें प्रयास करना चाहिये कि हम आरम्भ से ही बच्चों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताये व उनसे होने वाले नुकसान के बारे भी जागरूक करें। यदि कोई व्यक्ति नशा बेचने का कार्य करता है तो उसकी जानकारी प्रशासन को अवश्य दें ताकि उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा सके। उन्होंने कहा जनभागीदारी के बिना सरकार भी इस प्रकार की बुराई पर अंकुश नहीं लगा सकती इसलिए नशे जैसी बुराई को रोकने के लिए जनता का सहयोग बहुत ही आवश्यक है। नशे के कारण हमारी पारिवारिक स्थिति खराब हो जाती है और पूरा परिवार बर्बाद हो जाता है। उन्होंने कहा कि मोटर वाहनों की अपेक्षा हमें ज्यादा से ज्यादा साइकिल का प्रयोग करना चाहिए। मोटर वाहनों से निकलने वाले धुएं से हमारा पर्यावरण भी दूषित होता है, जिसके भंयकर परिणाम हमें देखने को मिलते हैं।
मानस पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें नशा करने वाले व्यक्ति की सूचना: अशोक कुमार
साइक्लोथॉन साइकिल यात्रा 2.0 के साथ-साथ चल रहे हरियाणा पुलिस के जवान एएसआई एवं 175 बार रक्तदान कर चुके अशोक कुमार ने बताया कि आज हमारे पास सभी प्रकार की सुख-सुविधाएं है, लेकिन हम अपने बच्चों को ज्यादा समय नहीं दे पा रहे हैं और यही कारण है जो माता-पिता अपने बच्चों को समय नहीं दे पा रहे हैं, उनके बच्चे कुमार्ग एवं नशे की ओर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों के खिलाफ सरकार द्वारा अनेक अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जब तक हम जागरूक नहीं होंगे तब तक ऐसे अभियान कामयाब नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान में सबके सहयोग की आवश्यकता है और अगर कोई व्यक्ति नशा करता है या इसमें संलिप्त है तो इसकी सूचना भारत सरकार के पोर्टल मानस पर या हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दे। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों को नशे जैसी बुराई को त्यागने एवं लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने की शपथ भी दिलाई गई।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर डीएसपी नायब सिंह, बीडीपीओ गुरमलक सिंह, एसएमओ डॉ.सतबीर सिंह, ब्लाक समिति चेयरमैन प्रतिनिधि बलिन्द्र कटारिया, हरियाणा तालाब प्राधिकरण के सदस्य तेजिन्द्र सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज काम्बोज, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कश्यप, संजय काम्बोज,जसपाल बैरागी, दीपक सैनी, महिन्द्र सिंह पंजोखरा, सुरज बिड़लान, राजबीर शर्मा, रमन उडाना, सैनी सेवा समिति बीबीपुर जाटान के प्रधान रामपाल सैनी सहित वरिष्ठ भाजपा नेतागण एवं कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न गांवों के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *