डीएवी पीजी कॉलेज में स्वर्ण जयंती वर्ष पर दीक्षांत व पुरस्कार वितरण समारोह
करनाल, 8 मार्च।
 स्थानीय  डीएवी पीजी कॉलेज के स्वर्ण जयंती वर्ष पर आज दीक्षांत व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल यादव रहे। अध्यक्षता डीएवी पीजी कॉलेज प्रबंधन समिति के उप-प्रधान रमेश वर्मा ने की। डा यशपाल ने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति का भविष्य संवरता है। लेकिन लक्ष्य हासिल करने के लिए दृढ़ निश्चय होना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत रूप से मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके की गई। डॉ यशपाल यादव ने कहा कि विद्यार्थी देश के निर्माता हैं। जो निर्माण की प्रक्रिया को देश के लिए आगे बढ़ाने का काम करेंग। उनकी भूमिका राष्ट्र निर्माण की है। उन्होंने कहा कि मनुष्य की प्रतिभा और खूबियां उसे सफलता के शिखर तक लेकर जाती हंै। आत्मविश्वास की शक्ति व्यक्ति को बल देती है। शिक्षा से ही व्यक्ति का भविष्य संवरता है। लेकिन लक्ष्य हासिल करने के लिए दृढ़ निश्चय होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अध्ययन के लिए अनुशासनात्मक माहौल की आवश्यकता होती है। जीवन में तभी कुछ हासिल हो सकता है। जो आप पाना चाहते हैं, उसके लिए  समर्पण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में रोजगार की कोई कमी नहीं है। खुद के अंदर हुनर होना चाहिए। इसके लिए व्यवस्था को दोष नहीं देना चाहिए।
प्राचार्य प्रोफेसर रामपाल सैनी ने कॉलेज की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल, एनएसएस, एनसीसी के अतिरिक्त विभिन्न उपलब्धियों को संक्षिप्त ब्यौरा प्रस्तुत कर भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए शिक्षा जरूरी साधन है, जो समाज में पहचान दिलाती है। शिक्षित व्यक्ति देश की तरक्की और खुशहाली के लिए कार्य करता है। यह युवाओं का दायित्व है कि देश को वैश्विक स्तर पहचान दिलाएं।
कॉलेज प्रबंधन समिति के उप-प्रधान  रमेश वर्मा ने कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए प्रिंसिपल डॉ रामपाल सैनी, स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को भी बधाई दी। समारोह में पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल, एनएसएस, एनसीसी,व अन्य उपलब्धियों के लिए 70 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। दीक्षांत समारोह में 150 से अधिक डिग्री होल्डर्स ने मुख्य अतिथि के कर कमलों से डिग्रियां हासिल की जिनमें 100 से अधिक स्नातक व लगभग 50 को स्नातकोत्तर थे।
महिला दिवस के अवसर को ध्यान रखते हुए मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा कॉलेज की गैर शिक्षक महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने सबका मन मोह लिया। अंत में प्राचार्य व अन्य सभी ने मुख्य अतिथि को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मंच संचालन डॉ पूनम वर्मा, डा प्रतिभा, डॉ राधिका, दीपिका कथूरिया द्वारा किया गया। इस मौके पर राजकीय महिला कॉलेज दादुपुर की प्राचार्या डॉ अनीता, राजकीय महिला कॉलेज करनाल के प्राचार्य डॉ सुभाष शर्मा, डॉ दीपक शर्मा, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नरुखेडी़ के प्रधानाचार्य सुरेश सैनी के अलावा  रमेश वर्मा, कार्यक्रम के संयोजक संजय शर्मा व अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *