परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में लगाई गई धारा-144, नकल रहित परीक्षा के लिए सभी कार्यरत स्टाफ रहें चौकस
पिहोवा 3 मार्च – हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित करवाई जा रही 10 वीं तथा 12वीं कक्षाओं की परीक्षाओं के मद्देनजर उपायुक्त कुरुक्षेत्र के निर्देशानुसार उपमंडल अधिकारी नागरिक कपिल कुमार ने सोमवार को उपमंडल के कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण दौरा किया और विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम कपिल कुमार ने सोमवार को पिहोवा व इस्माईलाबाद के विभिन्न स्कूलों   के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बाबा श्रवण नाथ स्कूल पिहोवा, रा.व.मा.वि. इस्माईलाबाद, रा.व.मा.वि. अरनैचा, रा.व.मा.वि. धूलगढ़, रा.क.व.मा. विद्यालय पिहोवा का निरीक्षण किया तथा वहां के प्रबंधों का जायजा लिया। इस कार्य के लिए डीएसपी निर्मल सिंह, ओम प्रकाश प्रधानाचार्य, सुरेंद्र पाल पीजीटी तथा निधि पीजीटी सदस्यों की एक फ्लाईंग टीम बनाई गई है, जो स्कूलों का निरंतर निरीक्षण कर रहे हैं।
एसडीएम ने परीक्षा केंद्रों के अधीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षाओं को नकल रहित पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति में अगर किसी भी संसाधन की आवश्यकता है तो तुरंत सूचित करें। परीक्षाओं को नकल रहित तरीके से संपन्न करवाने के लिए तमाम प्रबंध सभी परीक्षा केंद्रों पर किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की हुई है। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की गई है। इस परिधि में सभी फोटो स्टेट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसडीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी तथा रोशनी इत्यादि की व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने ड्यूटी पर कार्यरत स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षाएं बिल्कुल शांति पूर्वक माहौल के साथ संपन्न होनी चाहिए। परीक्षा के दौरान डयूटीरत स्टाफ द्वारा बरती गई ढिलाई एवं कोताही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी प्रकार की चूक संबंधित एवं बोर्ड नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *