कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिवार की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम: प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा
इंडियन एजुकेशन नेटवर्क द्वारा नई दिल्ली में आयोजित 14वें इंडिया एजुकेशन समिट में मिला अवार्ड
कुरुक्षेत्र, 13 फरवरी।
 कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा को “आउटस्टैंडिंग वाइस चांसलर ऑफ इंडिया अवार्ड“ मिला है। 12 फरवरी 2025 को नई दिल्ली में इंडियन एजुकेशन नेटवर्क द्वारा आयोजित 14वें इंडिया एजुकेशन समिट में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, नेतृत्व और अनुसंधान में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए “आउटस्टैंडिंग वाइस चांसलर ऑफ इंडिया अवार्ड“ से सम्मानित किया गया। अवार्ड प्राप्त करने पर कुवि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिवार की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय हमेशा से अनुसंधान, नवाचार और उच्च शिक्षा के सतत विकास के लिए प्रयासरत रहा है और यह सम्मान इस दिशा में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत अपने सभी पाठ्यक्रमों में स्किलिंग, उद्यमिता और नवाचार को एकीकृत कर दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिकतम रोजगार सृजन करना और भारत को 2047 तक एक ज्ञान-आधारित समाज के रूप में विकसित करना है। इस उपलब्धि पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में अत्यधिक हर्ष और गर्व की भावना है।
इस अवसर पर “इंटीग्रेशन ऑफ स्किलिंग एजुकेशन, एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन इन हायर एजुकेशन“ विषय पर आयोजित समिट का उद्घाटन अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के अध्यक्ष प्रो. टी.जी. सीताराम ने किया। इस महत्वपूर्ण शिखर सम्मेलन में देशभर से नामी शिक्षाविद और विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हुए। समिट के दौरान आयोजित पैनल चर्चा में देशभर के प्रमुख कुलपतियों और शिक्षाविदों ने सहभागिता की। इस चर्चा में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनप्रीत सिंह मन्ना, वी स्कूल के मोहित गांधी, डीएवी विश्वविद्यालय जालंधर के कुलपति डॉ. मनोज कुमार और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने अपने विचार रखे।
सम्मेलन में शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित थीं, जिनमें नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, भारत सरकार के सीईओ श्री वेद मणि तिवारी, सर्विसेज एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के महानिदेशक डॉ. अभय सिन्हा, शोभित विश्वविद्यालय के चांसलर एवं सह-संस्थापक कुंवर शेखर विजेंद्र, तथा एजुकेशन प्रमोशन सोसाइटी ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के महासचिव पी. पलानीवेल प्रमुख रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *