खेल के मैदान में भी लगाई जाएंगी फलड लाईटें
गांव लाहा तथा बिचपड़ी में स्टेडियमों के नवीनीकरण पर खर्च होंगे 5 करोड़ रुपए
विजेता पुरुष और महिला कबड्डी टीमों को किया पुरस्कृत
शहजादपुर/नारायणगढ़/अम्बाला, 20 जनवरी –
 हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अम्बाला जिला के गांव बड़ागढ़ में आयोजित हरियाणा कबड्डी खेल महाकुम्भ कार्यक्रम में आज घोषणा करते हुए खेल स्टेडियम बड़ागढ में 14 करोड़ रूपए की लागत से हॉकी का एस्ट्रो ट्रफ बनाया जाएगा तथा खेल के मैदान में फलड लाईटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा, गांव लाहा तथा गांव बिचपड़ी में स्थित खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा कबड्डी महाकुंभ में पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही विजेता टीमों को पुरस्कृत भी किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि कबड्डी केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि दिमाग का खेल भी है। खिलाडिय़ोंं के दमखम पर भारत आज ओलम्पिक व अन्य अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। इसमे हरियाणा के खिलाडिय़ोंं  का सर्वाधिक योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हरियाणा के ऐसे 11 प्रतिभाशाली खिलाडिय़ोंं  को राष्ट्र्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू  द्वारा सम्मानित भी किया गया है।  इनमें से एक खिलाड़ी को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड, 10 खिलाडिय़ोंं  को अर्जुन अवार्ड तथा 1 कोच को द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा कबड्डी, कुश्ती और मुक्केबाजी जैसे परम्परागत खेलों का गढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्र्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाडिय़ोंं  ने पदक जीत कर न केवल हरियाणा का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अब तो हरियाणा खेलों के दम पर बॉलीवुड की भी पसंद बन गया है। दंगल और सुलतान जैसी फिल्में हरियाणा के पुरुष और महिला खिलाडिय़ोंं  का गौरव गान करती हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ने सदा ही खेल के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में देश द्वारा जीते गये 6 पदकों में से 5 पदक हरियाणा के खिलाडिय़ोंं ने जीते। इससे पहले, टोक्यो ओलंपिक 2020 में हरियाणा के 30 खिलाडिय़ोंं ने भाग लिया। इसमें भारत द्वारा जीते गए 7 पदकों में से 4 पदक हरियाणा के खिलाडिय़ोंं  ने हासिल किए। यही नहीं, एशियाई खेलों में भी प्रदेश का प्रदर्शन बड़ा ही सराहनीय रहा है। एशियाई खेल-2022 में, राज्य के 82 खिलाडिय़ोंं  ने भाग लिया। इसमें देश के 111 पदकों में से 28 पदक हरियाणा के खिलाडिय़ोंं ने जीते। इसी प्रकार, राष्ट्र्रमंडल खेलों में भी हरियाणा के खिलाडिय़ोंं का दबदबा रहा। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 के दौरान हरियाणा के 43 खिलाडिय़ोंं  ने भाग लिया। इसमें हरियाणा के खिलाडिय़ोंं  ने 20 पदक जीते।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा की राज्य सरकार ने उत्कृष्ट खिलाडिय़ों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021 बनाये हैं। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाये गये। इसके अलावा, 224 खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी दी है।
हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को सबसे अधिक नकद पुरस्कार देता है। हमने अब तक खिलाडिय़ों को 593 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 298 खिलाडिय़ों को मानदेय भी दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही खेल संस्कृति को देखते हुए हमने खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन और कल्याण के लिए अपने संकल्प पत्र -2024 में हर खिलाड़ी को 20 लाख रुपये का मेडिकल बीमा कवर देने का संकल्प लिया है। इसी प्रकार, राज्य स्तर पर प्रति वर्ष तीन सर्वश्रेष्ठ अखाड़ों को 50 लाख रुपये, 30 लाख रुपये व 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर भी तीन सर्वश्रेष्ठ अखाड़ों को 15 लाख, 10 लाख और 5 लाख रुपये की राशि दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हरियाणा कबड्डी महाकुंभ में प्रथम स्थान पर रही हिसार, दूसरे स्थान पर रोहतक और तीसरे स्थान पर रही गुरुग्राम व अंबाला की महिला कबड्डी टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इसी प्रकार पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के प्रथम स्थान पर रही गुरुग्राम, द्वितीय स्थान पर रही हिसार , तृतीय स्थान पर रही रोहतक व अम्बाला की टीम को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रथम स्थान पर आई टीम को 2 लाख रूपए, द्वितीय को 1 लाख रूपए व तृतीय स्थान पर आने वाली टीमों को क्रमश: 25-25 हजार के पुरस्कार दिए गए।
इस मौके पर खेल विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क ने  मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि  इस महाकुम्भ से पहले प्रदेश के 4 जोन बनाकर जोनल स्तर की प्रतियोगिताएं हुईं। उनकी विजेता टीमों ने इस महाकुम्भ में भाग लिया है। इसमें लडक़ों की 4 और लड़कियों की भी 4 टीमों में 96 खिलाडिय़ों ने भाग लिया है। हरियाणा की खेल नीति का अन्य राज्य भी अनुसरण कर रहे हैं। प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों के उज्जवल भविष्य के लिए निरन्तरता में कार्य कर रही हैं और खेल विभाग द्वारा खेलों को बढावा देने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश व प्रदेश में नाम भी रोशन कर रहें हैं।
इस मौके पर खेल विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, खेल विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा, खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक विवेक पद्म धनखड़,  हरियाणा सरकार में चेयरमेन धर्मबीर मिर्जापुर, धर्मबीर ढागर, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, विधायक नारायणगढ़ श्रीमती शैली चौधरी, पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी एवं उनकी धर्म पत्नी श्रीमती ममता सैनी, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ ब्रहजीत, एसडीएम नारायणगढ़ शाश्वत् सांगवान, पूर्व चेयरमैन सुरेन्द्र राणा,जिला परिषद के सदस्य पंकज सैनी, डीएसओ राजबीर रंगा, जगपाल सैनी, नम्बरदार सुरेश पाल, जिला महामंत्री विवेक गुप्ता, कर्म सिंह गोल्डी, अश्विनी अग्रवाल, मंडल प्रधान रणदीप सिंह सैनी, गुरनाम सिंह, मंगू राम, किसान मोर्चा जिला प्रधान जसविन्द्र बख्तुआ, युवा मोर्चा के जिला प्रधान संदीप सैनी अम्बली, बीसी मोर्चा के जिला प्रधान सतीश धीमान, पूर्व जिला प्रधान राजेश बतौरा, नरेन्द्र राणा कुराली, राजू मक्कड़, प्रवीण धीमान, राकेश बिन्दल तथा जरनैल सिंह बड़ागढ़ के साथ-साथ अन्य गणमान्य लोग व भाजपा पार्टी के पदाधिकारीगण, कार्यकत्र्ता तथा विभिन्न खेलों के कोच व खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहें।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *