नव वर्ष पर श्री खाटू श्याम मंदिर में लगा भक्तों का तांता, भक्तों ने माथा टेक की सुख-समृद्धि की कामना
करनाल, 1 जनवरी : शहर की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में नव वर्ष 2025 के आगमन पर भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर को अद्भुत ढंग से रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया। बाबा श्याम के स्वरूप को फूलों से सजाया और महकाया गया। नव वर्ष पर सुबह से लेकर शाम तक खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तजन बाबा श्याम के दर्शन करने के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े नजर आए। इस मौके पर मंदिर के मुख्य पुजारी दीपक पांडे द्वारा बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर कीर्तन का आनंद उठाया। मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं को मीठे चावल व चाय का प्रसाद वितरित किया गया। शाम को भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने नव वर्ष 2025 के आगमन पर सभी शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि हर नव वर्ष पर मंदिर में भजन कीर्तन व भंडारे का आयोजन किया जाता है। करनाल जिले के साथ-साथ दूर-दूर से श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए लोग पहुंचते है। बाबा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करते है। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, अनिल गर्ग, महिंद्र गुप्ता, रामकरण गोयल, पवन गर्ग, कृष्ण कुमार मित्तल, हरीश गुप्ता व पवन गोयल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
