अंबाला छावनी स्थित जी.एम.एन. कॉलेज में 38 वर्षों तक शिक्षण सेवा प्रदान करने वाली डॉ सीमा कंसल के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। डॉ.सीमा कंसल, जो कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष रह चुकी हैं, ने अपनी विद्वता, नेतृत्व और समर्पण से न केवल कॉलेज, बल्कि पूरे शैक्षिक समुदाय में एक विशिष्ट पहचान बनाई। इस अवसर पर कॉलेज प्रशासन, शिक्षकों, कर्मचारियों ने उनकी सराहनीय सेवाओं का भावपूर्ण स्मरण किया।
डॉ सीमा कंसल ने 38 वर्षों की अपनी लंबी सेवा अवधि के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका, एंटी-रैगिंग सेल, आंतरिक शिकायत समिति, अनुशासन समिति, और अंडरग्रेजुएट प्रवेश समिति की प्रभारी रहीं। इसके अतिरिक्त, वे कॉलेज पत्रिका की मुख्य संपादिका भी रहीं और छात्रों को रचनात्मक लेखन के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. रोहित दत्त ने डॉ कंसल की सेवाओं को सराहते हुए कहा, “डॉ. सीमा कंसल ने अपनी जिम्मेदारियों को अत्यधिक निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निभाया। वे न केवल एक उत्कृष्ट शिक्षिका हैं, बल्कि एक स्नेही, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यक्तित्व की धनी भी हैं। उनका व्यवहार छात्रों और सहकर्मियों के लिए प्रेरणादायक रहा है।”
प्राचार्य ने यह भी कहा कि डॉ. कंसल ने छात्रों को न केवल विषय संबंधी ज्ञान प्रदान किया, बल्कि उन्हें जीवन के हर पहलू में प्रोत्साहित किया। उनकी विदाई कॉलेज के लिए एक बड़ी क्षति है।
इस समारोह में शिक्षकों ने अपने विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त किया।  शिक्षकों ने उन्हें एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व और कॉलेज के स्तंभ के रूप में याद किया।
डॉ. सीमा कंसल ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “जी.एम.एन. कॉलेज हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा। यहां बिताए गए पल मेरे जीवन के सबसे कीमती समय हैं। मुझे गर्व है कि मैंने इस संस्था के साथ जुड़कर अपनी सेवाएं दीं। मैं कॉलेज प्रशासन, अपने सहकर्मियों और छात्रों का आभार व्यक्त करती हूं, जिन्होंने हमेशा मुझे सहयोग दिया और मेरा साथ दिया।”
समारोह के अंत में डॉ. कंसल को स्मृति चिन्ह और उपहार प्रदान किए गए। उनके सम्मान में  उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें उनके आगे के जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके स्वास्थ्य व समृद्धि की कामना की ।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *