– जय ओंकार आश्रम श्री ब्रह्मा मंदिर की ओर से निकाली गई भगवान श्री ब्रह्मरथ यात्रा- कई प्रदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने रथ खीच पुण्य अर्जित किया
डॉ. राजेश वधवा
कुरुक्षेत्र। अमीन रोड ‌स्थित ब्रह्मा मंदिर जय ओंकार अंतरराष्ट्रीय सेवाश्रम संघ की ओर से भगवान श्री ब्रह्मा जी की रथ यात्रा का भव्य आयोजन हुआ। ‌कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान ब्रह्मा जी के रथ को खींच धर्म लाभ कमाया और सर्व कल्याण की मन्नतें मांगी।
 धर्म नगरी में पूरा दिन भगवान ब्रह्मा जी के जयकारा गूंजे। संघ संस्थापक स्वामी शक्तिदेव जी महाराज व स्वामी संतोष ओकार जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु धर्म नगरी पहुंचे। सुबह यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ भगवान श्री ब्रह्मा परिवार का दुग्धाभिषेक कर सुंदर वस्त्रों से सुसज्जित कर उन्हें शंख घड़ोल के साथ रथ पर स्थापित किया गया। आयोजन में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया और रथ खींच धर्म लाभ कमाया।
संघ के अध्यक्ष स्वामी संदीप ओंकार के नेतृत्व में सभी ने भगवान श्री ब्रह्मा जी का रथ खींच कर और माथा टेककर सर्व कल्याण की मन्नतें मांगी।
भगवान ब्रह्मा रथयात्रा की शुरुआत जय ओंकार आश्रम से हुई, इसके बाद राजेश पायलट चौक, 100 फूटा रोड, सलारपुर रोड, रेलवे रोड से गुरुद्वारा छठी पातशाही, बस स्टैंड से श्रद्धानंद चौक, कुटिया रोड से रेलवे कॉलोनी होते हुए वापस अमीन रोड पहुंची। स्थान स्थान पर श्रद्धालुओं ने फूलों से स्वागत किया। यात्रा में राजनीतिक, सामाजिक लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पहुंचकर धर्मलाभ कमाया। इस अवसर पर जय ओंकार आश्रम के संचालक पंडित शिव नारायण दीक्षित, एडवोकेट जय नारायण दीक्षित, हरिराम शर्मा आदि मौजूद रहे।
महिलाओं ने शीश पर सजाया कलश, रथ रहा आकर्षण का केंद्र
रथ यात्रा के दौरान परिवार की सुख समृद्धि के लिए शीश पर कलश धारण करने का भी विधान है। इस उद्देश्य के साथ 1100 महिलाओं ने अपने शीश पर कलश धारण किया और रथ यात्रा के साथ चलते हुए धर्म नगरी की परिक्रमा की। रथ यात्रा में 52 झांकियों को शामिल किया गया। जिनमें भगवान ब्रह्मा रथ आकर्षण का केंद्र रहा। झांकियों में गौ माता भगवान ब्रह्मा परिवार भगवान विष्णु के सभी अवतार दुर्गा के नौ स्वरूप सहित अन्य झांकियां शामिल रही।
रथ खींचने वाले पर होती है विशेष कृपा : स्वामी शक्तिदेव
स्वामी शक्तिदेव महाराज ने श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कार्तिक पूर्णिमा भगवान ब्रह्मा जी का विशेष दिन है। हमें इस पर्व पर विशेष रूप से शामिल होना चाहिए और भगवान ब्रह्मा के रथ के दर्शन करने चाहिए। वहीं रथ को श्रद्धा के साथ खीचने वाले जीव पर सृष्टि रचिता ब्रह्मा भगवान की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *