नई दिल्ली: भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आज शुरू हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य कई नेताओं ने इस असवर पर देशवासियों को बधाई दी है। ओडिशा के पुरी में 53 साल बाद इस साल पुरी की रथयात्रा दो दिन की होगी। इस रथयात्रा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल होंगी।

जगन्नाथ मंदिर के पंचांगकर्ता डॉ. ज्योति प्रसाद
जगन्नाथ मंदिर के पंचांगकर्ता डॉ. ज्योति प्रसाद के मुताबिक, भगवान को आम दिनों से 2 घंटे पहले जगाया गया। मंगला आरती सुबह 4 की बजाय रात 2 बजे हुई। मंगला आरती के बाद करीब ढाई बजे दशावतार पूजन हुआ। 3 बजे नैत्रोत्सव और 4 बजे पुरी के राजा की तरफ से पूजा की गई। सुबह 5.10 बजे के बाद सूर्य पूजा और करीब 5.30 बजे द्वारपाल पूजा हुई। सुबह 7 बजे भगवान को खिचड़ी भोग-प्रसाद लगाया गया।

गुजरात के अहमदाबाद में भी रथ यात्रा की भी शुरुआत
गुजरात के अहमदाबाद में भी भगवान जगन्नाथ की 147वीं वार्षिक रथ यात्रा की भी शुरुआत रविवार हो गई है। भगवान जगन्नाथ, अपने भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ जमालपुर इलाके में स्थित 400 साल पुराने जगन्नाथ मंदिर से 18 किमी की रथ यात्रा पर निकले हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी रविवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शुरू होने पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से ओडिशा के सर्वांगीण विकास और सभी के सहयोग से नये समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए प्रार्थना की। ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इस अवसर पर भारत के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पर देशवासियों को बधाई : राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, मैं भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। आज देश-दुनिया के अनगिनत जगन्नाथ प्रेमी रथ पर विराजमान तीनों भगवत्स्वरूपों के दर्शन हेतु उत्साह-पूर्वक प्रतीक्षा कर रहे हैं।

हम पर महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद बना रहे : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर सभी को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुरुआत पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, पवित्र रथ यात्रा की शुरुआत पर बधाई। हम महाप्रभु जगन्नाथ को नमन करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनका आशीर्वाद हम पर हमेशा बना रहे।” रथ यात्रा भगवान जगन्नाथ से जुड़ा एक त्योहार है।

विश्वभर में प्रसिद्ध है भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा भारत ही नहीं, विश्वभर में प्रसिद्ध है। पुरी के जगन्नाथ मंदिर में हर साल करोड़ों श्रद्धालु दर्शन करने और रथयात्रा में शामिल होने आते हैं। यह रथयात्रा आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर निकाली जाती है। भगवान जगन्नाथ का यह धाम देश में स्थित हिंदुओं के चार धाम में से एक है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *