पंचकूला

लोकसभा चुनाव में की 10 में से 5 सीटें हारने के बाद भाजपा की पंचकूला में मीटिंग शुरू हो गई है। इसकी शुरूआत भाजपा के हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने की। इस मौके केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे। सत्र की शुरूआत राष्ट्र गीत से हुई। करीब 2 घंटे बाद पहले सत्र का समापन हो गया है। पहले सत्र में भाजपा कार्यकतार्ओं को आगामी 100 दिन का रोड मैप दिया गया है। इसमें बूथों पर पेड़ लगाने से लेकर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को लेकर प्लानिंग की गई है। साथ ही सभी हलकों में धन्यवाद कार्यक्रम भाजपा शुरू करेगी। हरियाणा में 5 केंद्रीय मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रम भी होंगे। दोपहर का सत्र थोड़ी देर में शुरू होगा जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। अमित शाह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। सांसद कंवरपाल गुर्जर, राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा और सांसद नवीन जिंदल ने किया अमित शाह का स्वागत। बैठक की ओर रवाना हुए शाह। बैठक की शुरूआत में पहले सत्र में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उद्बोधन दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। केंद्र की तरह हरियाणा में भी सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की 10 साल की उपलब्धियों को गिनवाया कि किस प्रकार गरीबों के लिए सरकार ने काम किया। बिना सिफारिश नौकरी दी गई और किस तरह इन्फ्रास्ट्रक्चर को हरियाणा में मजबूत किया गया। नायब सैनी से कार्यकतार्ओं से ज्यादा से ज्यादा मेहनत करने और कांग्रेस द्वारा लोगों में फैलाए गए झूठ का पर्दाफाश करने को कहा।

हर जगह सुनी जाएगी मन की बात

बैठक के पहले पत्र में 100 दिन का रोड मैप कार्यकर्ताओं को दिया गया है। इसमें 6 जुलाई तक प्रत्येक बूथ पर पेड़ लगाने का कार्यक्रम दिया गया है। इसमें फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने होंगे। प्रदेश के हर बूथ पर कार्यक्रम होंगे। इसमें अधिक से अधिक लोगों से पेड़ लगवाने हैं। इसके साथ कल पीएम के मन की बात हर जगह सुनी जाएगी। सभी हलकों में धन्यवाद कार्यक्रम शुरू होंगे। इसकी रूपरेखा बनाई जाएगी। 5 केंद्रीय मंत्रियों के प्रवास कार्यक्रम हरियाणा में होंगे। हारी हुई विधानसभाओं पर खास फोकस किया जाएगा।

भाजपा के 5 नेता सभी जिलों का दौरा करेंगे : धमेंद्र प्रधान

भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का पहला पत्र खत्म हो चुका है। इस सत्र में जिन बिंदुओं पर चर्चा की गई है। उसके बारे में भाजपा प्रदेश प्रभारी धमेंद्र प्रधान ने मीडिया से जानकारी साझा की। धमेंद्र प्रधान ने कहा कि आगामी विधानसभा तैयारियों को लेकर मंथन किया गया है। अक्टूबर में हरियाणा में विधानसभा चुनाव होंगे। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगी। हरियाणा पीएम मोदी के विजन को लीड करेगा। चुनाव में हमारे प्रतिनिधि जनता के पास जाएंगे। तीसरी बार भी जनता का विश्वास जीतेंगे। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हमारे प्रतिद्वंद्वी के पास एजेंडा नहीं है। कांग्रेस सकारात्मक राजनीति नहीं करती। वह रोडे अटकने वाली पार्टी है। कांग्रेस ने स्पीकर चुनाव में उम्मीदवार लाकर गलत किया। हरियाणा में सुशासन के आधार पर फिर सरकार बनाएंगे। लोग स्थिरता और विकास चाहते हैं। बीजेपी चुनाव को चैलेंज मानती है। हरियाणा में बहुत अनुभवी नेता हैं। हमें जनता पर पूरा विश्वास है। तीसरी बार भी जनता का विश्वास जीतेंगे। धर्मंेद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनेगी। सभी नेता कार्यकर्ता जनता के बीच में जाएंगे। जो बीजेपी में आएं हैं वह सब बीजेपी के हैं। बीजेपी में कहीं कोई मनमुटाव नहीं है। पार्टी पूरी तरह एकजुट है। कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक रोटियां सेकने में लगी है। कांग्रेस पार्टी सदन में चर्चा नहीं चाहती। पार्टी के 5 बड़े नेता हर जिले का दौरा करेंगे।

हरियाणा में तीसरी बार सरकार का मंत्र देंगे शाह

इस मीटिंग में गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हो रहे हैं। मीटिंग के लिए साढ़े 4 हजार कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। बैठक का मुख्य उद्देश्य इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। लोकसभा चुनाव में हरियाणा में भाजपा सिर्फ 5 लोकसभा सीट ही जीत पाई थी। 90 विधानसभाओं में भाजपा 42 सीटों पर ही आगे रही।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *