सेवानिवृत्ति सम्मान परेड में ली सशस्त्र टुकड़ी की सलामी
करनाल, 29 जून।
  जीवन में भूमिका बदलती रहती है लेकिन सेवा करने का अवसर हमेशा बना रहता है। यह बात डीजीपी डॉ आरसी मिश्रा ने हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन में आयोजित विदाई सम्मान परेड समारोह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि कही। डॉ आरसी मिश्रा 35 वर्ष के सफल सेवाकाल के बाद 30 जून को सेवानिवृत हो रहे हैं। उन्होंने विदाई सम्मान परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली। मुख्य अतिथि को परंपरा का निर्वाह करते हुए फूलों से सुसज्जित खुली जिप्सी में पुष्प वर्षा करते हुए सम्मानपूर्वक मधुबन से प्रस्थान कराया गया।
डॉ आरसी मिश्रा ने कहा कि किसी भी काम को टीम भावना के साथ करने से सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस विश्व के श्रेष्ठ पुलिस बलों में से एक है। हरियाणा पुलिस कमांडो के साथ चतुरंगिणी सेना से परिपूर्ण है। हरियाणा पुलिस के जवानों और अधिकारियों में जो साहस, काम करने की कर्मठता तथा शिष्टाचार है, वह अन्यत्र कम देखने को मिलता है। हरियाणा पुलिस हर क्षेत्र में अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी पुलिस थानों व चौकियों में सीसीटीवी लगाने में भी हरियाणा पुलिस देश में अग्रणी हो गई है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के जवान, अधिकारी इसी कर्मठता के साथ कार्य को आगे बढ़ाते रहें और खुद को अग्रणी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ईश्वर के बाद पुलिस को न्याय दिलाने वाला माना जाता है। इसलिए अपने योगदान पर गर्व करें और समर्पण भाव के साथ सेवा करते रहें। उन्होंने कहा कि पुलिस सदस्य कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वह प्रत्यक्ष सेवा कार्य से अप्रत्यक्ष सेवा कार्य में स्थानांतरित हो जाता है।
उन्होंने विदाई सम्मान परेड के लिए पुलिस मुख्यालय, डॉ सीएस राव, उनकी टीम व परेड में शामिल जवानों को बधाई दी और हरियाणा पुलिस की उन्नति के लिए शुभकामनाएं दीं। हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डॉ सीएस राव ने डॉ आरसी मिश्रा व उनकी पत्नी डॉ अर्चना मिश्रा के साथ आए अन्य अतिथियों का स्वागत किया और डॉ मिश्रा के सेवाकाल की उपलब्धियां बताईं। साथ ही डॉ आर सी मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट किया। हरियाणा पुलिस अकादमी की पुलिस महानिरीक्षक डॉ राजश्री सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर पुलिस मंडल करनाल के पुलिस महानिरीक्षक कुलविंद्र सिंह, हरियाणा पुलिस अकादमी के पुलिस उप-महानिरीक्षक डॉ अरूण सिंह, हरियाणा पुलिस आवास निगम के मुख्य अभियंता संजय महाजन, अधीक्षण अभियंता सतीश शर्मा, संजीव वर्मा, के एन भट्ट, कार्यकारी अभियंता नरेश गोस्वामी, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल मधुबन के प्राचार्य मंतोषपाल सिंह, हरियाणा पुलिस अस्पताल मधुबन के चिकित्सा अधिकारी डॉ गगन पासी, हरियाणा पुलिस आवास निगम के अधिकारी व कर्मचारी डॉ आरसी मिश्रा के परिवार के सदस्य, उनके मित्र, अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। परेड की कमान परिवीक्षु  डीएसपी तनुज ने की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *