लोक कलाकार महावीर गुड्डू का सम्मान हरियाणा के समस्त कलाकारों का सम्मान है। नीरज सेठी
———
कुरुक्षेत्र 26 अप्रैल। हरियाणा प्रदेश में कला के क्षेत्र में पहला पद्मश्री पुरस्कार आना समस्त कलाकारों के लिए गौरव की बात है। लोक कलाकार महावीर गुड्डू का सम्मान हरियाणा के सभी कलाकारों का सम्मान है। महावीर गुड्डू की कला के प्रति तपस्या और समर्पण के कारण उन्हें पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाना युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी रहेगा। कुरुक्षेत्र में रंगमंच के लिए सक्रिय न्यू उत्थान थियेटर ग्र्रुप के अध्यक्ष नीरज सेठी ने हरियाणा के सफीदों निवासी लोक कलाकार महावीर गुड्डू को पद्मश्री सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए अपने विचार रखे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पद्मश्री पुरस्कार हासिल करने वाले महावीर गुड्डू गांव गांगोली में एक सामान्य परिवार में जन्मे और शिक्षा-दीक्षा के बाद वे प्राध्यापक बने। 1972 में उन्होंने हरियाणवीं कला के क्षेत्र में अपना पहला कदम रखा था। हालांकि उनका परिवार कला व संस्कृति के क्षेत्र में नहीं रहा है, लेकिन उन्होंने हरियाणवीं संस्कृति को अंगीकार करते हुए कला के क्षेत्र में कदम रखा और निरंतर अपनी कला-साधना से एक विशेष पहचान बनाई।
न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप के नाटक निर्देशक विकास शर्मा ने बताया कि भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विश्व के कईं देशों में हरियाणवीं संस्कृति की अमिट छाप छोड़ने वाले लोक कलाकार महावीर गुड्डू जमीन से जु़ड़े कलाकार हैं। पद्मश्री पुरस्कार से पूर्व महावीर गुड्डू पंडित लखमीचंद राज्य पुरस्कार, हरियाणा कला रत्न अवॉर्ड, पंडित लखमीचंद शिक्षा एवं संस्कृति पुरस्कार के साथ-साथ संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किए जा चुके हैं। इसके अलावा वे लंदन इंडियन हाई कमीशन, हाउस ऑफ लॉर्ड, अमेरिका व नार्वे में भी पुरस्कृत हो चुके हैं। इतना ही नहीं कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी ने उन्हें पीएचडी की मानद उपाधि से नवाजा है। हरियाणा कला परिषद के हिसार मण्डल में अतिरिक्त निदेशक के पद पर रहते हुए भी महावीर गुड्डू ने निरंतर कलाकारों को मंच देकर कला की सेवा में भरपूर योगदान दिया। हरियाणवी संस्कृति को बचाने के प्रयास में महावीर गुड्डू अपने दैनिक जीवन में हरियाणवी परिधान धारण करते हैं, जो कि युवा पीढ़ी के लिए एक मिसाल का कार्य करते हैं। न्यू उत्थान थियेटर ग्रुप के कलाकार शिवकुमार किरमच, नरेश सागवाल, अमरदीप जांगड़ा, चंचल शर्मा, गौरव दीपक जांगड़ा, राजीव कुमार, निकिता शर्मा, मनू महक माल्यान, साहिल खान, निखिल पारचा, साजन कालड़ा, अनूप कुमार, आकाशदीप, पार्थ शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, सुनैना, सागर, अनुराग आदि ने भी महावीर गुड्डू को बधाई दी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *