कुरुक्षेत्र, 20 मार्च।  कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) मूल्यांकन के बाद चौथे सायकल में 3.56 स्कोर के साथ सबसे उच्चतम ग्रेड ए-प्लस-प्लस यूनिवर्सिटी होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा राज्य की पहली ए-प्लस-प्लस ग्रेड स्टेट यूनिवर्सिटी बन गई है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को कड़ी मेहनत से नैक मूल्यांकन में सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।  वे बुधवार को नैक ए-प्लस-प्लस का नैक के बैंगलोर कार्यालय से सर्टिफिकेट प्राप्त होने के बाद विश्वविद्यालय में प्रसन्नता प्रकट करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने इस उपलब्धि में सहयोग व मार्गदर्शन के लिए हरियाणा के राज्यपाल व हरियाणा सरकार का आभार प्रकट किया।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि भारत देश की सभी 480 स्टेट यूनिवर्सिटी में चौथे चरण में ए-प्लस-प्लस प्राप्त करने वाली 8 यूनिवर्सिटी में शामिल होकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को नैक द्वारा प्राप्त प्रदान किए सर्टिफिकेट के अनुसार 1 फरवरी 2024 से 31 जनवरी 2031 तक ए-प्लस-प्लस ग्रेड मान्यता प्रदान की गई है।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि 3 वर्ष पूर्व जब उन्होंने कुलपति का दायित्व विश्वविद्यालय में संभाला था उस समय उनके सामने बहुत चुनौतियां थी। सबसे पहले वित्तीय स्थिति को सुधारा गया, फैकल्टी व गैर-शिक्षक कर्मचारियों की भर्ती की गई व शोध के क्षेत्र में सुधार किया गया।  विश्वविद्यालय में शोध को बढ़ावा देने के लिए पेंटेट दर्ज करने के लिए इको सिस्टम विकसित किया गया है। अब तक 63 पेटेंट दर्ज किए जा चुके हैं जिनमें से कुछ पब्लिश व अवार्ड हो चुके हैं। 2024 में अब तक 8 पेटेंट अवार्ड हो चुके हैं। शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए केयू ने मौलाना अबुल कलाम आज़ाद ट्रॉफी में लगातार दूसरी बार तीसरा स्थान हासिल करना कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए बड़े ही गौरव की बात है।  अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ के 36वें राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में 18 विधाओं में से 16 विधाओं में पुरस्कार जीतकर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने पहली बार गवर्नमेंट यूनिवर्सिटीज में देशभर में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि हम सभी को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को शिक्षा, शोध तथा खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने होंगे।
इस मौके पर कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अनिल वशिष्ठ, प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. ब्रजेश साहनी मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *