ए-प्लस-प्लस ग्रेड मिलने पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने दी केयू कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा को बधाई


कुरुक्षेत्र, 10 फरवरी।
 हरियाणा के राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि  कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) की ओर से जो रेटिंग जारी की गई है, जिसमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को ए-प्लस-प्लस ग्रेड दिया गया है। इसी के साथ कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश के शीर्ष संस्थानों में शामिल हो गया है जो हरियाणा राज्य की 21 सरकारी विश्वविद्यालयों की सूची में पहला विश्वविद्यालय बना है जिसे नैक द्वारा ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्रदान किया गया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इतिहास में यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। सात पहलुओं पर नैक टीम ने निरीक्षण किया था। जिसमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को अधिकतर में अच्छे अंक मिले हैं।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय हरियाणा राजभवन चंडीगढ़ में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा व कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को ए-प्लस-प्लस ग्रेड मिलने की बधाई देते हुए बोल रहे थे। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, एल्यूमनी व विद्यार्थियों को भी बधाई दी।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने अकादमिक, शोध, अनुसंधान, सांस्कृतिक क्षेत्र, खेल, एवं विभिन्न उपलब्धियों के आधार पर हुए मूल्यांकन में बेहतर प्रदर्शन किया। विभागावार प्रगति रिपोर्ट, छात्रावास, प्रशासनिक कार्यालय, शैक्षणिक सुविधाएं, विश्वविद्यालय शिक्षा एनईपी-2020, अनुसंधान और नवाचार में बेहतर सुविधाएं विश्वविद्यालय की ओर से उपलब्ध कराई गईं। विश्वविद्यालय की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के संदर्भ में उठाए गए कदम, विश्वविद्यालय में देश व विदेशों के कोने-कोने से स्टूडेंट्स का प्रवेश, पेटेंट, एमओयू, उच्च स्तर की वैज्ञानिक प्रयोगशालाएं, दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र, पुस्तकालय, आयन बीम सेंटर, हेल्थ सेंटर, धरोहर हरियाणा संग्रहालय, रूसा, विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम, वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम, प्रत्येक मंगलवार को  नो व्हीकल डे, ग्रीन कैम्पस व पर्यावरण को सुरक्षित रखने के पॉइंट्स ने नैक टीम को काफी प्रभावित किया जिसके आधार पर राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा 13 से 15 सितंबर, 2023 को किए गए निरीक्षण के आधार पर कुवि को 3.56 के स्कोर से ए प्लस प्लस ग्रेड दिया गया है।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने नैक का उच्चतम ग्रेड प्राप्त होने व इस बड़ी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल के समय-समय पर मिलने वाले मार्गदर्शन व कुशल नेतृत्व को दिया। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का निरीक्षण 13 से से 15 सितम्बर के बीच में किया गया था। नैक की टीम ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विभागों द्वारा संचालित हो रहे तरह-तरह के प्रोग्राम, एलुमनाई एसोसिएशन, शिक्षकों और स्टूडेंट्स से इंटरेक्शन करते हुए विश्वविद्यालय को लेकर जानकारी ली थी। इसमें टीम द्वारा विश्वविद्यालय के एकेडमिक, अनुसंधान, खेल शोध समेत अन्य चीजों के बारे में जानकारी ली थी। इसके आधार पर कुवि को सबसे उच्चतम ए-प्लस-प्लस ग्रेड प्रदान किया गया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को ए-प्लस प्लस ग्रेड मिलने से शिक्षकों और विश्वविद्यालय प्रशासन में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों व सभी हितधारकों के मिलकर किए गए सार्थक प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *