हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल आज फल उत्सव के समापन समारोह में करेंगे शिरकत, अनार व अमरूद फलों पर तकनीकी सत्र का भी होगा आयोजन
कुरुक्षेत्र 7 जुलाई उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा (कुरुक्षेत्र) उद्यान विभाग, हरियाणा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फल उत्सव कार्यक्रम को देखने के लिए प्रदेश के अलग-2 जिलों से पहुंचने वाले किसानों व स्कूल के बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। फल उत्सव के दूसरे दिन के कार्यक्रम में नगर पालिका लाडवा की चेयरमैन साक्षी खुराना व कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा के प्रदेश उप सचिव कंवर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की है।
नगर पालिका चेयरमैन साक्षी खुराना व कृषि विभाग के प्रदेश उप सचिव कंवर पाल ने किसानों को सम्बोधित करते हुए फल केन्द्र पर प्रतिवर्ष फल उत्सव कार्यक्रम के आयोजन से बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के लिए किसानों व स्कूली बच्चों में जागरूकता लाने के कदम को विभाग की सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से केन्द्र के आस-पास लगते जिलों के किसानों में बागवानी फसलों का रुझान बड़ा है। इस आयोजन के तकनीकी सत्र के दौरान डा. पीपीएस गिल प्रधान फल वैज्ञानिक पंजाब कृषि विश्वविद्यालय द्वारा किसानों को आडू, आलूबुखारा, नाशपाती फलों की नवीनतम तकनीक व डा. एसके जवान्धा, प्रधान फल वैज्ञानिक द्वारा फसल तुड़ाई उपरांत प्रबंधन से सम्बन्धित विस्तारपूर्वक जानकारी दी। किसानों के साथ-2 भारी तादात में महिलाएं भी इस आयोजन में भाग लेने के लिए पहुंची, जिन्हें खाद्य तकनीकी प्रयोगशाला कुरुक्षेत्र एवं जींद के प्रशिक्षकों द्वारा सजीव प्रदर्शन के माध्यम से आम एवं अन्य फलों से प्रसंस्कृत उत्पाद तैयार करने की विधियों बारे विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस कार्यक्रम के दूसरे दिन स्कूली बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, आम खाना एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के 14 सरकारी एवं निजी स्कूलों से 350 बच्चों द्वारा काफी उत्साह पूर्वक भाग लिया गया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न फलों की पोशाक पहनकर अपनी कविताओं के माध्यम से किसानों को ज्ञानवर्धक संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम के दौरान किसानों को नवीनतम उपकरण उपलब्ध कराने वाले प्रमुख औद्योगिक संस्थानों द्वारा अपने स्टॉल स्थापित उनके द्वारा विकसित उपकरणों के इस्तेमाल से समृद्ध बागवानी एवं कृषि तकनीक बारे किसानों को विस्तारपूर्वक बताया गया।
उपनिदेशक डा. बिल्लू यादव ने कहा कि 8 जुलाई को फल उत्सव के अंतिम दिन समापन समारोह में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल शिरकत करेंगे। इससे पहले प्रात: 9 बजे से किसानों का पंजीकरण किया जाएगा, प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक प्रौद्योगिकी प्रदर्शन, प्रात: 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अनार व अमरूद फलों पर तकनीकी सत्र, दोपहर 1 बजे मुख्य अतिथि का आगमन, दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक समापन व पुरस्कार वितरण समारोह, दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक प्रदर्शनी व केंद्र का भ्रमण होगा।
