लाडवा 7 जुलाई (विजय कौशिक ) मुख्यमंत्री मनोहर लाल के महत्वाकांक्षी हरियाणा उदय कार्यक्रम के साथ आमजन को जोड़ने के लिए कुरुक्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी गांव छलौंदी की चौपाल पर पहुंचे।, यहां पर ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकतर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास भी किया गया। इस हरियाणा उदय के जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन के सामने लगभग 250 शिकायतें सामने आई और अधिकतर समस्याओं का समाधान भी कर दिया गया। अहम पहलू यह है कि हरियाणा उदय के कार्यक्रम के तहत जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग कुरुक्षेत्र के कलाकारों ने अपने गीतों के माध्यम से लोगों को सरकार की 9 साल की उपलब्धियां बताई।
आमजन की समस्याओं का समाधान मौके पर करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशानुसार हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन द्वारा लाडवा के गांव छलौंदी के राजकीय स्कूल में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एडीसी अखिल पिलानी ने जन संवाद कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। एडीसी अखिल पिलानी ने कहा कि हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत जिले में अलग-अलग जगहों पर उपायुक्त शांतनु शर्मा के मार्गदर्शन में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। जनसंवाद कार्यक्रम में सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मौके पर मौजूद थे, मौके पर ही अधिकारियों ने अधिकतर समस्याओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि इन जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों ने करीब 250 शिकायते रखी, जिनमें से अधिकतर का समाधान कर दिया गया है। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत जनसंवाद कार्यक्रम, राहगिरी, पुलिस की पाठशाला, पौधरोपण, नशा मुक्ति अभियान आदि जैसे मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। जनसंवाद कार्यक्रम में परिवार पहचान पत्र से संबंधित त्रुटियों को भी दूर किया गया। जनसंवाद कार्यक्रम में जिन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनने थे, उनके कार्ड के दस्तावेजों को लेकर त्रुटियों को दूर किया गया।
एडीसी ने कहा कि बरसात का मौसम है, कहीं पर भी पानी जमा नहीं होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगर कहीं पानी एकत्रित है, तो वहां पंप लगाकर पानी की निकासी करवाई जाए। जनसंवाद कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जांच की गई। कार्यक्रम में सरपंच रेशमी देवी ने गांव की समस्याओं से संबंधित मांग को एडीसी के सामने रखा, जिस पर एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। जनसंवाद कार्यक्रम के बाद एडीसी और संबंधित अधिकारियों ने पौधारोपण किया तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। एसडीएम नसीब कुमार ने मेहमानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उपायुक्त शांतनु शर्मा के आदेशानुसार लाडवा के गांव छलौंदी में हरियाणा उदय के तहत जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैंकड़ों लोगों ने शिरकत की और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी। इस मौके पर लाडवा एसडीएम नसीब कुमार, जिप सीईओ अशोक कुमार मुंजाल, बीडीपीओ रूबल दीन दयाल, तहसीलदार अजीत सिंह, नायब तहसीलदार बलकार सिंह, ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन संजीव कुमार, डीआई विजय कुमार सहित संबंधित अधिकारियों सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
