पीएम मोदी ने 18 जून यानी आज मन की बात के 102वें एपिसोड में लोगों को संबोधित किया।

इस एपिसोड में उन्होंने योग दिवस, इमरजेंसी, स्पोर्ट्स, 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने के अभियान और प्रकृति संरक्षण को लेकर बात की।

इसके अलावा उन्होंने बिपरजॉय तूफान के दौरान कच्छ के लोगों की हिम्मत की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा कि बिपरजॉय ने कच्छ में कितना कुछ तहस-नहस किया, लेकिन जिस हिम्मत और तैयारी के साथ कच्छ के लोगों ने इतने खतरनाक चक्रवात का मुकाबला किया, वह अभूतपूर्व है।
भारत ने आपदा प्रबंधन में ताकत विकसित की है
पीएम ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं पर किसी का जोर नहीं होता, लेकिन पिछले कुछ सालों में भारत ने आपदा प्रबंधन की जो ताकत विकसित की है, वो आज एक उदाहरण बन रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से मुकाबला करने का एक बड़ा तरीका है प्रकृति का संरक्षण।

उन्होंने कहा कि मानसून के समय में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। ये नदी, नहर, सरोवर, ये केवल जल-स्त्रोत ही नहीं होते हैं, बल्कि इनसे, जीवन के रंग और भावनाएं भी जुड़ी होती हैं। इसीलिए आज देश ‘कैच द रेन’ जैसे अभियानों के जरिए सामूहिक प्रयास कर रहा है।

पीएम बोले- 25 जून को भुला नहीं सकते, इसी दिन हम पर इमरजेंसी थोपी गई थी
पीएम मोदी ने इमरजेंसी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। हम, अपने लोकतांत्रिक आदर्शों को सर्वोपरि मानते हैं, अपने संविधान को सर्वोपरि मानते हैं, इसलिए, हम 25 जून को भी कभी भुला नहीं सकते। यह वही दिन है जब हमारे देश पर इमरजेंसी थोपी गई थी।

पीएम बोले कि यह भारत के इतिहास का काला दौर था। लाखों लोगों ने इमरजेंसी का पूरी ताकत से विरोध किया था। लोकतंत्र के समर्थकों पर उस दौरान इतना अत्याचार किया गया, इतनी यातनाएं दी गईं कि आज भी मन सिहर उठता है।

पीएम ने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने इमरजेंसी पर लिखी एक किताब पढ़ी। इसका शीर्षक है- टॉर्चर ऑफ पॉलिटिकल प्रिजनर्स इन इंडिया। इस किताब में जिक्र है कि कैसे उस समय की सरकार ने लोकतंत्र के रखवालों के साथ क्रूरतम व्यवहार किया।
पीएम के अमेरिका दौरे के चलते एक हफ्ते पहले टेलीकास्ट हो रहा एपिसोड
यह शो महीने के आखिरी रविवार को टेलीकास्ट होता है, लेकिन पीएम मोदी 21 जून से 24 जून तक अमेरिका दौरे पर रहेंगे। ऐसे में इस बार एक हफ्ते पहले प्रसारित किया गया। इसे लेकर पीएम ने कहा कि अगले हफ्ते मैं अमेरिका में रहूंगा और वहां बहुत सारी भाग-दौड़ भी रहेगी और इसलिए मैंने सोचा, वहां जाने से पहले आपसे बात कर लूं।

अप्रैल में पूरे हुए 100 एपिसोड
PM का मन की बात 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और हर महीने के अंतिम रविवार को सुबह 11 बजे ब्रॉडकॉस्ट/ टेलिकॉस्ट किया जाता है। 30 मिनट के कार्यक्रम ने 30 अप्रैल 2023 को 100 एपिसोड पूरे किए हैं। 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा मन की बात 11 विदेशी भाषाओं में ब्रॉडकॉस्ट किया जाता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *