अम्बाला छावनी में विकास का पहिया निरंतर चल रहा है, आगे और भी तेजी से चलेगा:-मंत्री अनिल विज
गृह मंत्री अनिल विज ने मुडा मंडी, छबियाना, करधान एवं अन्य स्थानों पर 1.10 करोड़ रुपए की लागत से धर्मशालाओं, सडक़ों व अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
मुडा मंडी में आंगनवाड़ी के लिए नया भवन एवं करधान में रविदास मंदिर की चार दिवारी बनाने के निर्देश दिए मंत्री अनिल विज ने
अम्बाला, 05 मार्च।

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य श्री अनिल विज ने कहा कि वह जनता को विश्वास दिलाते हैं कि जब तक मेरी सांस रहेगी मेरे खून का एक-एक कतरा आपकी सेवा में रहेगा, अम्बाला छावनी में विकास का पहिया निरंतर चल रहा है, आगे और भी तेजी से पहिया चलेगा।
श्री विज रविवार को 1.10 करोड़ रुपए की लागत से मुडा मंडी में धर्मशाला, हरि नगर में गुरुद्वारा साहिब के हॉल, जगाधरी रोड से इंदिरा पार्क तक नई रोड, छबियाना और करधान में धर्मशाला के उद्घाटन के दौरान जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी में भाजपा सरकार आने के बाद विकास का पहिया निरंतर चल रहा है और विकास के रोजाना नए-नए प्रकल्प दिए जा रहे हैं। आज भी धर्मशालाओं व सडक़ के उद्घाटन किए गए हैं। मुडा मंडी में धर्मशाला का उद्घाटन किया है और वहां आंगनवाड़ी के लिए नया भवन बनाने के लिए भी कहा है। इसी तरह मुडा मंडी, छबियाना व करधान में भी धर्मशालाओं के उद्घाटन किए गए हैं।
गृह मंत्री अनिल विज ने करधान में क्षेत्रवासियों की मांग पर गुरू रविदास मंदिर की चार दिवारी कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा करधान की रोड को भी जल्द नया बनाया जाएगा और इसपर काम चल रहा है। यहां टांगरी नदी पर कॉज-वे भी मंजूर हो चुका है जोकि जल्द बनेगा। इससे पहले उन्होंने मंदिर परिसर में माथा टेका और गुरू महाराज का आर्शीवाद लिया।
करधान क्षेत्र में राष्ट्रीय एनसीडीसी प्रयोगशाला बनने से क्षेत्र की होगी अलग पहचान:- गृह मंत्री अनिल विज
गृह मंत्री अनिल विज ने करधान में जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि करधान क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) प्रयोगशाला आपके इलाके में खोली जा रही है और जल्दी इसपर काम शुरू हो जाएगा। इससे न केवल अम्बाला, बल्कि उत्तरी भारत से सारे प्रदेशों से विभिन्न किस्मों के टेस्ट यहां होंगे और गंभीर बीमारियों के सेंपलों की भी जांच यहां पर होगी। यह केंद्र सरकार का प्रकल्प है और पहले यह केवल दिल्ली में था। केंद्र सरकार ने देश में चार स्थानों पर यह प्रयोगशाला बनाना प्रस्तावित रखा था और इनमें से एक प्रयोगशाला वह अम्बाला में ले आए और अब नग्गल में यह प्रोजेक्ट बनने जा रहा है जहां इसके लिए जमीन ले ली गई है।
विकास के कई कार्य पूर्ण हुए और कई पर चल रहा काम:- मंत्री अनिल विज
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी के विकास के लिए कई काम किए गए हैं, यहां सीवरेज डलवाया, पीने के पानी के लिए 20 किलोमीटर दूर से नहरी पानी का पाइप डालकर ला रहे हैं। जब यह करधान एवं आसपास के क्षेत्र उनके हलके में आए तब यहां बिजली सबसे बड़ी समस्या थी और अब बिजली एक मिनट नहीं जाती। उन्होंने अम्बाला छावनी में प्रदेश का सबसे बेहतर सिविल अस्पताल, कैंसर अस्पताल बनाकर दिया। इसी तरह ब्राह्मण माजरा में शहर की डेयरियों के लिए डेयरी काम्पलेक्स बना रहे हैं जहां चारा मंडी, पशु अस्पताल व गवालों के आराम करने के लिए रेस्ट हाउस बनाया जाएगा। इसके अलावा यहां रिंग रोड बनाई जाएगी जोकि इस क्षेत्र के बिल्कुल नजदीक से निकलेगी। अम्बाला छावनी उस रिंग रोड के साथ-साथ आगे बढ़ेगा और इस क्षेत्र में विकास होगा।
उन्होंने अम्बाला छावनी में सुभाष पार्क, राजकीय कालेज, बस स्टैंड बनाकर दिया। बच्चे गलत कार्यों की ओर न पड़े इसलिए उनके लिए फीफा अप्रूव्ड फुटबाल स्टेडियम बनाकर दिया जा रहा है। ऑल वैदर स्वीमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल, बैडमिंटन हॉल, तीन योगशाला, जीटी रोड बनाकर दी। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई अम्बाला छावनी से प्रारंभ हुई थी, मगर इसके क्रांतिकारियों को कभी याद नहीं किया गया क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा यही पढ़ाया कि आजादी की लड़ाई उन्होंने लड़ी थी, मगर कांग्रेस का जन्म 1885 को हुआ था और उनके जन्म से 28 साल पहले अंग्रेजों से आजादी होने के लिए जंग लड़ी गई जिसकी शुरूआत अम्बाला छावनी से शुरू हुई थी। अम्बाला छावनी एतिहासिक नगर है और उन वीरों की याद में यहां 450 करोड़ रुपए की लागत से शहीदी स्मारक बनाकर दिया जा रहा है। इसी प्रकार उन्होंने अम्बाला छावनी को सब डिवीजन बनाया और लघु सचिवालय बनाकर लगभग 30 कार्यालय यहां शिफ्ट किए गए। अब लोंगों को काम करने के लिए अम्बाला शहर नहीं जाना पड़ता।
इतनी लागत से परियोजनाओं का उद्घाटन किया मंत्री अनिल विज ने
गृह मंत्री अनिल विज ने 16 लाख रुपए की लागत से मुडा मंडी में धर्मशाला, 15 लाख रुपए की लागत से हरि नगर गुरुद्वारा साहिब के हॉल का, 40 लाख रुपए की लागत से जगाधरी रोड से इंदिरा पार्क तक नई बनी रोड का, 24 लाख रुपए की लागत से महेशनगर छबियाना धर्मशाला का और 15 लाख की लागत से करधान में हरिजन धर्मशाला का उद्घाटन किया।
वहीं, विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान नगर परिषद् के प्रशासक निर्मल नागर, ईओ रविंद्र कुहार, कपिल विज, भाजपा मंडल प्रधान राजीव गुप्ता डिम्पल, अजय पराशर, किरणपाल चौहान, विजेंद्र चौहान, संजीव सोनी, बीएस बिंद्रा, श्याम सुंदर अरोड़ा, बलकेश वत्स, जसबीर सिंह जस्सी, सुदर्शन सिंह सहगल, रवि सहगल, अनिल धीर, सुभाष शर्मा, डा. दिनेश अग्रवाल, दीपक भसीन, शक्ति, परमजीत पम्मी, वरिंद्र सिंह अजय बवेजा, शैली खन्ना, विपिन खन्ना, आशीष गुलाटी, शक्ति, अभिकांत वत्स, दीप चन्द, चरणजीत नम्बरदार, ललिता प्रसाद, ललित चौधरी, सुनील कुमार एवं अन्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *