हरियाणा के रेवाड़ी में बेखौफ बदमाशों ने शहर की नई अनाज मंडी में एक व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर 7 लाख रुपए की डकैती की। नकाबपोश बदमाश ने व्यापारी के परिवार को पहले पिस्टल पॉइंट पर धमकाया और फिर वारदात को अंजाम दिया।

लूटी गई नकदी व्यापारी के अलमारी में रखी थी। वारदात के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

नकाबपोश बदमाशों ने खटखटाया शटर
रेवाड़ी शहर की नई अनाज मंडी में सैनिटरी का काम करने वाले व्यापारी देवदत्त ने बताया कि रविवार रात अपनी दुकान बंद कर दी थी। देवदत्त दुकान के ऊपर ही बने मकान में परिवार के साथ रहते हैं। दुकान बंद करने के बाद शटर को खटखटाने की आवाज आई। उन्होंने अपने बेटे को शटर उठाने के लिए भेज दिया। जैसे ही बेटे ने दुकान का शटर उठाया बाहर तीन युवक खड़े थे। तीनों ने मुंह पर नकाब बांधा हुआ था तथा उनके हाथ में पिस्टल थी।

सिर पर मारा बट, मुंह पर टेप लगाई
एक युवक ने देवदत्त के बेटे के सिर में पिस्टल से वार किया तथा उसे गोदाम में ले गए। वहां ले जाकर उसके मुंह पर टेप लगा दी तथा ऊपर मकान में ले गए। देवदत्त की माने तो बदमाशों ने पूरे परिवार को पिस्टल पॉइंट पर बंधक बनाया तथा अलमारी की चाबी मांगी। अलमारी खोल कर बदमाशों ने उसमें से करीब 7 लाख की नकदी निकाल ली। नकदी लेकर बदमाश फरार हो गए।

लूट के बाद दहशत में व्यापारी
इस घटना की सूचना देवदत्त ने माडल टाउन थाना पुलिस को दी। वारदात के बाद से अनाज मंडी के व्यापारी दहशत में हैं। अनाज मंडी में यह इस तरह की पहली वारदात है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे। हालांकि अभी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की कई टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अनाज मंडी में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे बदमाशों का पता लगाया जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *