हरियाणा के जिले करनाल में देर शाम को पहुंची कुमारी सैलजा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इतिहास को भी तोड़ना चाहती है। बीजेपी का इतिहास केवल 2014 से शुरू हुआ है। जबकि इनका आजादी की लड़ाई में कोई भी लेना देना नहीं रहा है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी के लोग राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल उठा रहे हैं।

गुरुवार देर शाम को कुमारी सैलजा अंबाला जाते वक्त करनाल में कार्यकर्ताओं साथ मिलीं। वहीं इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के लिए कांग्रेस की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

राहुल गांधी की इस भारत जोड़ो यात्रा से हरियाणा ही नहीं देश में एक नया परिवर्तन आएगा। भारत जोड़ो यात्रा अपने आप में एक बड़ा जन आंदोलन है और इस यात्रा में जो लोग नफरत से ऊपर उठकर भारत को जोड़ने का काम कर रहे हैं, उन सब को इस यात्रा में भाग लेने के लिए न्योता दिया गया है।

पत्रकारों से बातचीत करती कुमारी सैलजा।
पत्रकारों से बातचीत करती कुमारी सैलजा।

शांति दूत बनकर आगे बढ़ रहे राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में एक शांति दूत बनकर आगे बढ़ रहे हैं। देश में इस वक्त अलग-अलग तरह के कई मुद्दे हैं। जिन्हें भारत जोड़ो यात्रा में उजागर किया जा रहा है। भारत जोड़ो यात्रा के बाद जिला स्तर पर, ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस के लोग देशभर में यात्रा करते हुए लोगों के बीच पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी चीज को चुनाव के नजरिए से नहीं देखती बल्कि देश हित के नजरिए से देखती है। एक सवाल के जवाब में सैलजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पास देश की आजादी की लड़ाई लड़ने वाले कोई बड़े स्वतंत्रता सेनानी नहीं हैं। इनके लोग उस समय अंग्रेजों के साथ मिले हुए थे, फिर भी जवाहरलाल नेहरू ने इन्हें अपने साथ लिया।

मंत्री के मामले में भी बोली सैलजा
मंत्री संदीप सिंह के ऊपर लगे आरोपों पर सैलजा ने कहा कि संदीप सिंह पर जो संगीन आरोप लगे हैं उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही हास्यास्पद है कि एक मंत्री जिस पर संगीन आरोप लगे हैं और वह केवल अपना एक मंत्रालय मुख्यमंत्री को दे देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संगीन आरोप लगने के बाद किसी भी मंत्री द्वारा अपने पद से त्यागपत्र दे दिया जाता है या फिर मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें बर्खास्त किया जाता है।

राहुल गांधी की यात्रा से घबराई भाजपा
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल मन की बात करते हैं। उन्होंने कभी जनता के बीच आज तक जाने की कोशिश नहीं की है। भारतीय जनता पार्टी के लोग राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से घबराए हुए हैं।

परिवार पहचान पत्र से लोगों को परेशानियां
कुमारी सैलजा ने परिवार पहचान पत्र को परिवार परेशान पत्र बताते हुए कहा कि इससे लोगों को फायदा होने की वजह परेशानियां हो रही हैं। उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र में गलत जानकारियां डाल दी गई हैं। सरकार केवल आंकड़ों के आधार पर दुनिया को दिखाना चाहती है। जबकि लोगों को सरकार की योजनाओं से वंचित होना पड़ रहा है। परिवार पहचान पत्र के द्वारा सरकार लोगों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *