हरियाणा में गुरुवार को फिर से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया। ठंड अब पीक पर पहुंच चुकी है। हिसार में सबसे कम 1.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा रेवाड़ी में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह रही। यहां न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सड़कों पर घना कोहरा बना हुआ। शीतलहर के चलते लोगों पर ठंड का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित होता दिखा।

सड़कों पर छाया घना कोहरा।
सड़कों पर छाया घना कोहरा।

अलाव के सहारे जिंदगी

हरियाणा के उत्तरी और दक्षिणी इलाके में सबसे ज्यादा कोहरा दिखाई दिया। आधी रात ही सड़कों पर घना कोहरा दिखने लगा। सुबह होते-होते सड़कों पर सिर्फ कोहरे की सफेद चादर ही नजर आई। कुछ इलाकों में दृश्यता महज 10 मीटर ही रही, जिसकी वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही लोग अलग-अलग जगह ठंड से बचने के लिए अलाव के सहारे बैठे दिखे।

दो बार 2.5 डिग्री पर पहुंचा तापमान
दरअसल, इस बार दिसंबर के तीसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हुई, लेकिन अंतिम सप्ताह के दो दिन पहले ठंड से लोगों को राहत मिल गई। 2 जनवरी के बाद फिर से कड़ाके की ठंड की शुरुआत हुई और न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान लगातार गिरता चला गया। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले 2.5 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले 25 दिसंबर को 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

कोहरे के बीच लाइट जलाकर चलते वाहन।
कोहरे के बीच लाइट जलाकर चलते वाहन।

दिन में हाड़ कंपा देने वाली ठंड
पिछले दो दिनों की बात करें तो कोहरे से जरूर लोगों को राहत मिलती दिखी, लेकिन दिन में चलने वाली शीतलहर ने लोगों को कंपकंपाया हुआ था। गुरुवार की सुबह फिर से सड़कों पर कोहरे की सफेद चादर नजर आई। शहर से बाहर हाईवे पर हालात और भी ज्यादा खराब दिखे। विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम रही, जिसकी वजह से लोगों को वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 8 जनवरी तक मौसम इसी प्रकार बना रहेगा।

आज भी पूरे दिन कड़ाके की ठंड
लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी दिन में शीतलहर चलने की पूरी संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चन्द्रमोहन के अनुसार आने वाले 3-4 दिनों तक एनसीआर क्षेत्र में इसी तरह ठंड के सभी रंग देखने को मिलेंगे, लेकिन 8 जनवरी से एक सप्ताह 15 जनवरी के दौरान लगातार एक बाद एक तीन कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की पूरी संभावना बन रही है और इस दौरान संपूर्ण मैदानी राज्यों में आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी।

दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी
डॉ. चन्द्रमोहन के अनुसार, 8-15 जनवरी के बीच मैदानी इलाकों के साथ एनसीआर में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। आफत भरी शीतलहर, पाला जमने, कोहरा, कोल्ड डे और कड़ाके की ठंड से आमजन को राहत की प्रबल संभावनाएं बन रही है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *