विश्वास व आस्था का खूंटा गाड़कर जयराम विद्यापीठ में होगा गीता जयंती महोत्सव 2022 का शुभारम्भ
गीता जयंती महोत्सव 2022 में होगा अनेक भव्य कार्यक्रमों का आयोजन
कुरुक्षेत्र, 16 नवम्बर : धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के तट पर स्थित जयराम विद्यापीठ परिसर में भगवान श्री कृष्ण के श्री मुख से उत्पन्न हुई पावन श्री गीता के जन्मोत्सव गीता जयंती महोत्सव 2022 का आयोजन हर वर्ष की भांति भव्य कार्यक्रमों के आयोजन के साथ होगा। जयराम संस्थाओं के मीडिया प्रभारी राजेश सिंगला ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों में शिक्षा, अध्यात्म, स्वास्थ्य, योग, गौ संरक्षण, कन्या शिक्षा व विज्ञान के क्षेत्र में संचालित जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी के सान्निध्य में कुरुक्षेत्र के उपायुक्त शांतनु शर्मा द्वारा 19 नवम्बर को विधिवत विद्वान ब्राह्मणों के साथ भूमि पूजन कर परम्परागत खूंटा गाड़कर विद्यापीठ में गीता जयंती महोत्सव 2022 का शुभारम्भ करेंगे। सिंगला ने बताया कि ब्रह्मचारी की प्रेरणा से इस वर्ष गीता जयंती महोत्सव का पूरे उमंग एवं आस्था के साथ आयोजन किया जाएगा। गीता जयंती के कार्यक्रमों का आयोजन नए स्वरूप के साथ आमजन को जोड़कर किया जाएगा। उन्होंने बताया 26 नवम्बर को गीता जयंती के निर्विघन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भगवान श्री राम के परम भक्त वीर हनुमान का आह्वान कर ध्वजारोहण होगा। सिंगला ने बताया जयराम विद्यापीठ के संस्थापक व परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी के पूज्य प्रात: स्मरणीय ब्रह्मलीन गुरु देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से पिछले करीब चार दशकों से हर वर्ष 2 दिसम्बर को विद्यापीठ में मंदिरों की मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जाता है। इस साल भी 2 दिसम्बर को विद्यापीठ में मंदिरों की मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं विधिवत पूजन होगा। उन्होंने बताया 28 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक विद्यापीठ में राज्य स्तरीय अंतर विद्यालय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिताएं नए स्वरूप एवं नए अंदाज से आयोजित होंगी। इन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिताओं में विभिन्न जिलों के करीब 4 हजार से अधिक स्कूली विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। ब्रह्मचारी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष 28 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक संगीतमयी श्री मदभागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें कथाव्यास भागवत भास्कर आचार्य श्याम भाई ठाकर पोरबंदर गुजरात वाले होंगे। सिंगला ने बताया कि कथा के शुभारम्भ से पूर्व कथास्थल तक भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि विशाल सामूहिक विवाह समारोह तथा हास्य कवि सम्मेलन 2 दिसम्बर को होगा। 4 दिसम्बर को गीता जयंती समारोह के समापन पर भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। गीता जयंती के अवसर पर ही 121 ब्रह्मचारियों द्वारा नियमित गीता पाठ तथा गीता यज्ञ होगा। इस अवसर पर विद्यापीठ के विभिन्न ट्रस्टी एवं श्रद्धालु भी मौजूद थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *