-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश की प्रैस वार्ता
कुरुक्षेत्र, 2 दिसंबर : श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट द्वारा निर्माणाधीन 18 मंजिला गीता ज्ञान मंदिर में 4 दिसंबर को मंदिर के गुंबद पर स्वर्ण कलश स्थापित होगा। शुक्रवार को निर्माणाधीन इस ज्ञान मंदिर में प्रैस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश ने बताया कि रविवार को होने जा रहे इस ऐतिहासिक अनुष्ठान के यजमान एवं मुख्यातिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल होंगे। साथ ही प्रैस वार्ता में विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ साथ हरियाणा विधान सभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, सांसद नायब सिंह, खेल मंत्री संदीप सिंह, इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। इंद्रेश ने कहा कि श्री ब्रह्मपुरी आश्रम के संस्थापक एवं संचालक स्वामी चिरंजीपुरी महाराज के मार्गदर्शन में बन रहे इस ज्ञान मंदिर में देश विदेश के लोग शोध करने आएंगे। उन्होंने कहा कि संतों ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग दिया है। संतों के साए में ही मानवता पल्लिवत होती है। स्वामी चिरंजीपुरी महाराज ने इसी को चरितार्थ करते हुए राष्ट्र निर्माण एवं धर्म की सेवा के लिए इस भव्य मंदिर के निर्माण का बीड़ा उठाया है। धर्म नगरी कुरुक्षेत्र में स्वर्गीय गुलजारी लाल नंदा स्मारक के पीछे 3 एकड़ भूमि में 18 मंजिला ज्ञान मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। कुरुक्षेत्र की प्रतिष्ठा के अनुसार गीता के 18 अध्याय, 18 अक्षोहिणी सेना, महाभारत के 18 दिनों का युद्ध, अग्रवाल समाज के 18 गोत्रों के प्रतीक एवं कुरुक्षेत्र में पवित्र नदी सरस्वती का स्वरूप इस मंदिर में देखने को मिलेगा। इस मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की डिजिटल मुर्तियों एवं चित्रण के साथ साथ लाइट एंड साउंड शो भी होगा। इस मौके पर स्वामी चिरंजीपुरी महाराज, श्री ब्रह्मपुरी अन्नक्षेत्र आश्रम ट्रस्ट के प्रधान राजेश गोयल, सतीश मित्तल, डा.पवन गोयल, जयभगवान सिंगला, सुभाष गुप्ता, साहिल सुधा, सतपाल सिंगला, लच्छी राम मित्तल और अजय गोयल सहित अन्य ट्रस्टी शामिल रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *