कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह करेंगे ऑक्सीवन पार्क का उद्घाटन, पौधारोपण करके ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का करेंगे शुभारंभ,
उपायुक्त ने वन महोत्सव कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला अधिकारियों की ली बैठक, कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, प्रबंधों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
करनाल, 11 जुलाई। उपायुक्त उत्तम सिंह ने 75वें वन महोत्सव राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली और उनको आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को प्रात: 11 बजे नई अनाज के सामने, ओल्ड बादशाही नहर, सैक्टर-37 ग्राउंड, सेलिब्रेशन गार्डन के नजदीक ऑक्सीवन में आयोजित होने वाले वन महोत्सव राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह बतौर मुख्य अतिथि ऑक्सीवन पार्क का उद्घाटन करके जनता को समर्पित करेंगे तथा पौधारोपण करके ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। हरियाणा के वन एवं वन्य प्राणी, पर्यावरण एवं खेल मंत्री संजय सिंह, कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर इंद्री के विधायक राम कुमार कश्यप तथा घरौंडा के विधायक हरविंद्र कल्याण विशिष्ट अतिथि के तौर पर और वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक पंकज गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
उपायुक्त ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सभी आवश्यक प्रबंधों को जल्द से जल्द पूरा करें, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि वन विभाग हरियाणा इस कार्यक्रम का आयोजक है, लेकिन राज्य स्तरीय कार्यक्रम होने के नाते सभी विभागों व अधिकारियों का दायित्व बनता है कि वे वन विभाग के  अधिकारियों को पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के नौंवी से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में वन महोत्सव कार्यक्रम में लेकर आएं, उन्हें कार्यक्रम स्थल पर लाने व वापिस छुटवाने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा परिवहन विभाग व आरटीए कार्यालय की ओर से करवाई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि वन महोत्सव राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ग्रीन करनाल के सपने को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह की उपस्थिति में 20 हजार पौधे लगाए जाएंगे, इसलिए ज्यादा से ज्यादा स्कूली बच्चों व आम लोगों की भागेदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को भी निर्देश दिए कि वे स्वयं सहायता से जुड़ी महिलाओं की भी उपस्थिति कार्यक्रम में सुनिश्चित करेंं। उन्होंने प्रबंधों को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए बताया कि स्कूली बच्चों के लिए वे बसों की सुविधा के लिए अतिरिक्त उपायुक्त से समन्वय स्थापित करेंगे। इसी प्रकार से समारोह स्थल की साफ-सफाई व साज-सज्जा के लिए नगर निगम के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ पेयजल, अस्थाई वीआईपी शौचालय, आम जनता के लिए मोबाइल शौचालय की व्यवस्था जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाएगी। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस तथा डॉक्टरों की टीम फस्र्ट ऐड किट सहित उपलब्ध अवश्य करवाएं। उन्होंने बिजली विभाग के भी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यक्रम के दौरान बिजली की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था करें। इसके अलावा जेनसेट की व्यवस्था करवाएं।
उपायुक्त ने बैठक के बाद जिला अधिकारियों की टीम के साथ 75वें वन महोत्सव राज्य स्तरीय कार्यक्रम स्थल का मौका मुआयना किया और प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जल्द से जल्द अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्य को पूरा करवाएं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा, अतिरिक्त उपायुक्त अखिल पिलानी, वन विभाग के अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक नवदीप हुड्डा, जिला वन अधिकारी राजकुमार, एसडीएम अनुभव मेहता, सीईओ विवेक चौधरी, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह, सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सुदेश कुमारी, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *