आज कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का करेंगी शुभारंभ, हरियाणा की 3 परियोजनाओं की भी करेंगी शुरुआत, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार और एनआईटी के दीक्षांत समारोह में भी करेंगी शिरकत
कुरुक्षेत्र 28 नवंबर उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कुरुक्षेत्र के दौरे पर आ रही है, इस दौरान 29 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कुरुक्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। मंगलवार को प्रात: 10:30 बजे राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर पहुंचेगी, जहां वे पवित्र ग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता पर पुष्प अर्पित कर गीता पूजन करेंगी और गीता यज्ञ में पूर्ण आहूति डालकर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का विधिवत रूप से उद्घाटन करेंगी।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राज्य प्रदर्शनी, हरियाणा पवेलियन, शिल्प उद्यान का भी उद्घाटन करेंगी। इसके पश्चात राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के भागीदार राज्य मध्य प्रदेश के पवेलियन और हरियाणा पवेलियन का भी अवलोकन करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 11.30 बजे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के श्रीमद्भगवद्गीता सदन में अन्तर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार में भाग लेंगी और यहीं से हरियाणा सरकार की 3 बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअली शुभारंभ व शिलान्यास करेंगी। इनमें हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग व्यवस्था, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना तथा सिरसा जिले में मेडिकल कॉलेज की आधारशीला रखा जाना शामिल है।

हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का करेंगी शुभारंभ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू श्रीमद्भगवद्गीता सदन से ही हरियाणा परिवहन में ई-टिकटिंग प्रणाली का शुभारंभ करेंगी। प्रारंभिक चरण में 6 डिपो चंडीगढ़, करनाल, फरीदाबाद, सोनीपत, भिवानी और सिरसा में ई-टिकटिंग परियोजना को लागू किया जाएगा। इसी तरह हरियाणा रोडवेज के शेष 18 डिपो में जनवरी 2023 के अंत तक परियोजना को पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सर्वेक्षण योजना का भी शुभारंभ करेंगी। इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के लोगों का हेल्थ चैकअप किया जाएगा। योजना के प्रथम चरण में अंत्योदय परिवार के लोगों को शामिल किया गया है।

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, सिरसा की रखेंगी आधारशिला
राष्ट्रपति सिरसा जिले में 21 एकड़ भूमि पर बनने वाले चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की भी आधारशिला रखेंगी। यह मेडिकल कॉलेज करीब 950 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा। इससे सिरसा जिले व आसपास के अन्य क्षेत्रों की जनता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिलेंगी। इन परियोजनाओं का शुभारंभ करने के बाद पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर बाद 2.30 बजे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान कुरुक्षेत्र के 18वें दीक्षांत समारोह में मुख्य-अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी और पास-आउट विद्यार्थियों को डिग्री वितरित करेंगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *