पीएम मोदी ने 500 साल का सपना साकार किया: नायब सैनी
प्रधानमंत्री मोदी की तपस्या और हर भारतीवासी का सपना आज पूरा हुआ: नायब सैनी

कुरूक्षेत्र , 22 जनवरी। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि अयोध्या धाम में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पूरा भारवर्ष राममय और भावुक है। पांच शताब्दियों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह क्षण आया है और देशवासियों का सपना साकार हुआ है। अयोध्या नगरी में राम लला के गर्भग्रह में विराजमान होने पर पूरा देश भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबा हुआ है। अयोध्या नगरी दुनिया के मानचित्र पर स्थापित हो चुकी है। अयोध्या सहित पूरा देश राम उत्सव में उत्साहित है। राम लाल के दिव्य मंदिर में विराजमान होने के इस पावन दिन पर श्री सैनी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया जिनके अथक प्रयास और तपस्या से इस शुभ दिन का हर भारतीवासी और सनातनी साक्षी बना। श्री सैनी ने सोमवार को गीता ज्ञान संस्थान, कुरुक्षेत्र में राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और भगवान राम की आरती की। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष ने परिवार के साथ मिर्जापुर माजरा नारायणगढ़ में भगवान शिव मंदिर में हवन यज्ञ किया। श्री सैनी कुरूक्षेत्र के सेक्टर 17 में भी आयोजित भजन संध्या में भी शामिल हुए और भगवान श्रीराम के चरणों में पुष्प अर्पित किए। उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को राम लाल के विराजमान होने की बधाई दी और भगवान श्रीराम से देश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
नायब सैनी ने कहा कि रावण का वध कर जब भगवान राम अयोध्या वापस लौटे थे, उनका राजतिलक हुआ था उस समय जो उत्सव था आज वैसा ही उत्सव पूरे देश में दिखाई दे रहा है। राम आगमन पर अयोध्या सजी हुई है। पूरा देश राम मय हो रहा है। श्री सैनी ने कहा कि भगवान श्रीराम के विराजमान होने से पूर्व देश और प्रदेश में श्रीराम के आगमन का जो माहौल बना वह अभूतपूर्व है। आज प्रदेश के हर मंदिर बाजार राम उत्सव में सजे हुए हैं।
नायब सैनी ने कहा कि भगवान राम हमारी संस्कृति के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदैव अपनी संस्कृति को संरक्षित करने और अपनी विरासत पर गर्व करने के लिए लगातार हमें प्रेरित करते आ रहे हैं। कोई भी देश अपनी संस्कृति और विरासत को सहेजे बिना समृद्ध नहीं हो सकता यह बात प्रधानमंत्री मोदी ने चरितार्थ करके दिखाई है। जिस पल, जिस क्षण और जिस दिन की लंबे समय से प्रतीक्षा थी, वर्षों से इंतजार था आज वो इंतजार समाप्त हुआ है। भगवान राम अपने जन्मस्थान पर विराजमान हुए हैं। आज एक ऐसा दिन है जिसकी हर राम भक्त हमेशा प्रतीक्षा कर रहा था।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सनातन के शासन और राम राज्य की पुनः स्थापना का दिन है। सदियों के संघर्ष और हजारों लोगों के बलिदान के बाद यह दिन आया है। इस गौरवशाली पल का पूरा देश साक्षी बना है। श्री सैनी ने कहा कि हमें गर्व है लोकप्रिय व तपस्वी की अनुभूति दिलाने वाले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे नेता के नेतृत्व में हम इस गौरवशाली क्षण के भागीदार बने हैं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *