काॅलेज वह स्थान है, जहाँ विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर देश के विकास में अपना योगदान देता है : पवन गर्ग।
लाडवा 22 जनवरी
इन्दिरा गाँधी नेशनल काॅलेज, लाडवा में काॅलेज स्थापना वर्ष के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय श्री अखण्ड पाठ साहिब जी का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता काॅलेज प्रबंधकसमिति के प्रधान पवन गर्ग ने की। बाबा बंदा सिंह बहादुर गुरुद्वारा साहिब लाडवा के ग्रंथी मेजर सिंह द्वारा श्री अखंड पाठ साहिब जी का पाठ प्रारम्भ हुआ। उन्होंने काॅलेज एवं सम्बन्धित संस्थाओं की उन्नति एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अरदास करते हुए उन्होंने प्रबंधकसमिति, स्टाफ, धनौरावासियों एवं विद्यार्थियों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। काॅलेज प्रबंधकसमिति के प्रधान पवन गर्ग ने संस्थापक स्व ओम प्रकाश गर्ग और उनके सहयोगी शिक्षा प्रेमियों को नतमस्तक नमन करते हुए कहा कि उस समय के महान व्यक्तियों की सकारात्मक सोच की बदौलत ही लाडवा में काॅलेज बन पाया था। उन्होंने श्री श्री 108 स्वामी तुलसीनंद महाराज को भी याद किया। उन्होंने विशेष रूप से धनौरावासियों को भी याद किया, जिन्होंने काॅलेज को बनवाने के लिए भूमि को दान स्वरूप दिया। उन्होंने बताया कि काॅलेज की आधारशिला हरियाणा प्रदेश के तत्कालीन माननीय मुख्यमंत्री बंसीलाल के कर-कमलों द्वारा 24 जनवरी 1974 को रखी गई थी। काॅलेज से लाखों की संख्या में विद्यार्थियों ने शिक्षा ग्रहण की और आज सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों में उच्च पदों पर आसीन हैं। ग्राम्याँचल में स्थित यह काॅलेज 50 वर्षों से विद्यार्थियों में बहुमुखी प्रतिभा का विकास कर रहा है। काॅलेज के खिलाड़ी खेलों में भी अपना लौहा मनवाते हैं। काॅलेज के प्रतिभावान खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अनेकों स्वर्ण, कांस्य व रजत पदक प्राप्त कर चुके हैं। खेलों के आधार पर सरकार द्वारा उन्हें उच्च पदों पर भी चुना गया है। गत वर्ष 2023 को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद् द्वारा गुणवत्ता प्रदान करने के लिए काॅलेज को ‘ए’ ग्रेड मिला। काॅलेज प्राचार्य डाॅ. कुशल पाल ने श्री अखंड पाठ साहिब जी में सम्मिलित प्रबंधकसमिति के सभी सदस्यों, गणमान्य व्यक्तियों व नगरवासियों का हार्दिक स्वागत एवं धन्यवाद किया। इस अवसर पर स. मनदीप सिंह तूर, गौरव कंसल, स. सतिन्द्र सिंह, तरसेम सिंह, ईश्वर चंद, शमशेर सिंह, डाॅ. सुभाष चंद अरोड़ा, धर्मेन्द्र खेड़ा स्कूल प्राचार्य, डाॅ. सुरेश सैनी स्कूल प्राचार्य, स. जसप्रीत सिंह, स. गुरमीत सिंह, रतन लालर, संजीव, रविन्द्र कुमार, काॅलेज स्टाफ, विद्यार्थीगण व अन्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *