राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 नवंबर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ, जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी, हरियाणा व मध्यप्रदेश पैवेलियन, मूर्तिकला प्रदर्शनी का करेंगी उद्घाटन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गीता सेमिनार और निट के दीक्षांत समारोह में भी राष्ट्रपति करेंगी शिरकत, मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वीसी के जरिए अधिकारियों को दिए तैयारियां पूरी करने के आदेश
कुरुक्षेत्र 18 नवंबर उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इस महोत्सव में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 नवंबर को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में गीता पूजन करने के उपरांत हवन यज्ञ में आहुति डालेंगी और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की भव्य राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, हरियाणा व मध्यप्रदेश पवेलियन, केडीबी की मूर्तिकला प्रदर्शनी का उदघाटन करेंगी। इसके अलावा राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दीक्षांत समारोह में भी पहुंचेगी।
उपायुक्त शांतनु शर्मा शुक्रवार को लघु सचिवालय एनआईसी के सभागार में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को 29 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध करने के साथ-साथ प्रोटोकॉल के अनुसार तमाम व्यवस्थाए करने के आदेश दिए। उन्होंने समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के आदेश देते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ राष्ट्रपति के सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए भी कहा है। उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को सभी कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों की नियुक्ति करके सुरक्षा व्यवस्था के समय रहते प्रबंध करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था में चूक नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय स्तर पर तैयारियां करने के निर्देश दिए। इन सभी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए 27 व 28 नवंबर को आलाधिकारी कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रोटोकॉल के अनुसार रिहर्सल की जाएगी। इस रिहर्सल के दौरान जिन-जिन अधिकारियों की ड्यूटियां रहेंगी। वह अपने-अपने स्थान पर मौजूद रहेंगे। प्रशासन की तरफ से ड्यूटी रोस्टर भी जारी कर दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने मुख्य सचिव को सुरक्षा व्यवस्था के बारे में विस्तार से रिपोर्ट देते हुए कहा कि सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। इस प्लान के तहत अधिकारियों की ड्यूटियां तय कर दी जाएंगी। इस मौके पर एडीसी अखिल पिलानी, नगराधीश चंद्रकांत कटारिया, केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, आरटीए सचिव उर्मिल श्योकंद, सीएमओ डा. सुखबीर सिंह आदि अधिकारी उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *