गृह मंत्री अनिल विज ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जलभराव से प्रभावित टांगरी नदी के आसपास क्षेत्रों का दौरा किया
भाजपा मंडल प्रधान अजय पराशर की असमय मृत्यु होने पर दौरा कार्यक्रम बीच में ही स्थगित किया गृह मंत्री अनिल विज ने
अम्बाला, 25 जुलाई

गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बरसाती सीजन में लोगों को जल भराव से निजात दिलाने के दृष्टिगत आज टांगरी क्षेत्र के आसपास चंदपुरा-बब्याल पुल, रामपुर सरसेहड़ी व टांगरी नदी का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा चंदपुरा-बब्याल पुल से शाहपुर में अम्बाला-दिल्ली रेलवे ब्रिज तक टांगरी नदी की खुदाई करते हुए उसे गहरा करके साईड में बांध बनाने का कार्य किया जाये ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां पर जल भराव के चलते कटाव हुआ है, उन कटावों को दुरूस्त करना भी सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, गृह मंत्री अनिल विज के निरीक्षण के दौरान उन्हें भाजपा महेशनगर मंडल प्रधान श्री अजय पराशर की असमय मृत्यु की जानकारी मिली जिसके उपरांत उन्होंने बीच में ही निरीक्षण को रद्द किया और वह तुरंत सिविल अस्पताल रवाना हुए एवं उन्होंने अपने अन्य सभी कार्यक्रम भी रद्द किए। मौके पर उनके साथ उपायुक्त डा0 शालीन, पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह रंधावा, एसडीएम अम्बाला छावनी सतिन्द्र सिवाच विशेष तौर पर मौजूद रहे।
इससे पहले निरीक्षण के  दौरान गृहमंत्री ने सबसे पहले बब्याल-चंदपुरा पुल पर जाकर जायजा लिया और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस पुल से ही जहां तक टांगरी नदी रेलवे लाईन तक पहुंचती है वहां तक टांगरी नदी की खुदाई करवाई जाए और इसके साथ-साथ यहां पर बांध भी बनाया जाया। इस कार्य के लिए मिट्टी व अन्य सामान यहीं से उपलब्ध हो जायेगा। इसके उपरांत उन्होंने रामपुर सरसेहड़ी में जाकर जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां पर भी कटाव हुआ है उन कटावों को तुरंत दुरूस्त करें ताकि यदि बारीश आती है तो जल भराव की स्थिति उत्पन्न न हो सके। उन्होंने टांगरी नदी पर जाकर भी स्थिाति का जायजा लिया और अधिकारियों से चर्चा की कि जल भराव से लोगों को राहत मिल सके, इसके लिए चंदपुरा-बब्याल पुल से रेलवे लाईन तक टांगरी को गहरा करना और बांध बनाना ही उचित है। इस कार्य के होने से लोगों को काफी हद तक बरसाती सीजन में जल भराव से राहत मिल सकेगी।
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों को यह निर्देश दिए कि आगे भी बारीश की संभावना को देखते हुए वे अपने पम्पों के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर लें ताकि यदि जरूरत पड़ती है तो इनको प्रयोग में लाया जा सके। गृहमंत्री के निर्देश उपरांत उपायुक्त व अन्य सम्बन्धित अधिकारियों ने सैक्टर-34 घसीटपुर में जाकर जहां कटाव हुआ था उस स्थान का जायजा लिया। उपायुक्त ने इस कटाव को भरने बारे सम्बन्धित विभाग को निर्देश भी दिए। यहां बता दें कि पिछले दिनों भारी वर्षा के चलते टांगरी नदी में अत्याधिक पानी आ गया था और लगातार पहाड़ों में बारीश होने के कारण टांगरी नदी उफान पर आ गई थी जिसके कारण टांगरी नदी के साथ-साथ आस पास सटे क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जल भराव की स्थिति से लोगों को राहत मिल सके, इसके लिए आज सम्बन्धित अधिकारियों के साथ गृहमंत्री ने जायजा लेते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर एसडीएम सतिन्द्र सिवाच, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता ए.के. रघुवंशी, कार्यकारी अभियंता रणबीर त्यागी, कार्यकारी अभियंता कृष्ण चंद, डीआरओ कैप्टन विनोद शर्मा, कार्यकारी अभियंता राज कुमार के साथ-साथ अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *