निगमायुक्त सलोनी शर्मा ने सफाई अधिकारियों को दिए निर्देश, पार्षदों, वार्ड कमेटियों और मोटिवेटर्स के सहयोग से चलाया जाएगा अभियान।
घरों में गीले कचरे से खाद बनाने (होम कम्पोस्टिंग) को भी बढ़ावा देने पर जोर।
करनाल 25 नवंबर, केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल के निर्देशों के अनुरूप नगर निगम करनाल द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में 100 घरों में चार श्रेणियों में कचरा पृथक्करण (फोर-वे सेग्रीगेशन) सुनिश्चित करवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत चयनित घरों में कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग करवाने तथा नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर रहेगा।
प्रत्येक वार्ड में 100 घरों को अभियान से जोडऩे का लक्ष्य।
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने इस संबंध में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार एवं सैनिटेशन ऑफिसर को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी वार्डों में निर्धारित 100 घरों में चार श्रेणियों में कचरा पृथक्करण की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई जाए। इस कार्य के लिए संबंधित वार्ड पार्षदों, वार्ड कमेटी सदस्यों, निगम की सफाई टीमों तथा स्वच्छ भारत मिशन-शहरी के मोटिवेटर्स के बीच समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि अभियान को व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके।
मोटिवेटर्स एवं आई.ई.सी. स्टाफ तुरंत फील्ड में उतरे।
निगमायुक्त ने अभियान को प्राथमिकता से शुरू करने तथा इसके लिए आवश्यक मानव संसाधन तुरंत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। सुगम स्वच्छता एजेंसी को मोटिवेटर्स एवं आई.ई.सी. (सूचना, शिक्षा एवं संचार) स्टाफ की तत्काल तैनाती करने को कहा गया है। अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार ने मुख्य सफाई निरीक्षकों, जोन प्रभारियों एवं स्वच्छ भारत मिशन-शहरी टीम के मोटिवेटर्स को निर्देश दिए कि वे वार्ड पार्षदों एवं वार्ड कमेटी सदस्यों से संपर्क कर घरों का चयन करें और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करें।
चार श्रेणियों में कचरा अलग करने की दी जाएगी जानकारी।
अभियान के दौरान नागरिकों को गीला कचरा, सूखा कचरा, घरेलू सैनिटरी कचरा तथा घरेलू हानिकारक एवं विशेष कचरे को अलग-अलग रखने के तरीके समझाए जाएंगे। घरों में कचरा पृथक्करण की व्यवस्था अपनाने के साथ-साथ कचरे के उचित संग्रहण एवं निस्तारण की प्रक्रिया पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिससे मिश्रित कचरे की समस्या को कम किया जा सके।
घरेलू खाद बनाने को भी बढ़ावा दें, वार्डवार तैयार होगी कार्ययोजना।
निगमायुक्त ने घरों में गीले कचरे से खाद बनाने (होम कम्पोस्टिंग) को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों को घरेलू खाद बनाने की विधि समझाई जाए तथा उन्हें अपने घरों में कम्पोस्टिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही अभियान के लिए वार्डवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित घरों में कचरा पृथक्करण की स्थिति, जागरूकता गतिविधियों एवं प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
स्वच्छ एवं स्वस्थ करनाल के लिए जनभागीदारी जरूरी।
निगमायुक्त ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की प्रभावी पालना के लिए नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है। घरों से ही कचरे को अलग-अलग करने की आदत विकसित होने से कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन आसान होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और शहर को स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अभियान को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित लक्ष्य की समयबद्ध पालना सुनिश्चित करें और इसकी प्रगति पर नियमित निगरानी रखें।
